कोविड 19 से जंग लड़ रहे नवादा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे को राहत की एक बड़ी खेप मिलने वाली हैं. राजद के विधायक नवादा विधायक विभा देवी और गोविंदपुर विधायक मो. कामरन जिला प्रशासन को 200 ऑक्सीजन सिलेंडर सौंपने वाले हैं. सिलेंडर की खेप दुबई से मंगवाई गई है और मंगलवार को यह खेप दिल्ली पहुंच गई है. देर शाम तक सिलिंडर के ट्रक नवादा के लिए रवाना हो चुके हैं. ऑक्सीजन सिलेंडरों की यह खेप बुधवार को प्रशासन हैंडओवर कर दी जाएगी.

कोरोना के तेजी से फैले संक्रमण के कारण देश के अन्य हिस्सों की तरह ही नवादा में भी ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी महसूस की जा रही थी. ऑक्सीजन के अभाव में मरीजों की जान पर गहरा संकट बना हुआ है. जिला स्वास्थ्य महकमा के पास कोविड से लड़ाई के लिए 171 सिलेंडर उपलब्ध हैं. इसके साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडरों की जरूरत स्वास्थ्य महकमे को लगातार थी. इस कमी को कल तक पूरा होने की संभावना है. ऑक्सीजन सिलेंडरों को राजद के दो विधायकों की पहल पर दुबई से मंगाया गया है. 10-10 लीटर का 200 ऑक्सीजन सिलेंडर मरीजों के लिए बहुत काम आएगा.

भारत में नहीं मिली ऑक्सीजन तो दुबई से मंगाए सिलेंडर
विधायक के प्रतिनिधियों ने बताया कि अचानक हुए ऑक्सीजन सिलिंडर की किल्लत के कारण बिहार में सिलिंडर नहीं मिल पा रही थी. देश के राजधानी समेत कई जगहों पर सिलिंडर मंगवाने का प्रयास किया गया मगर सिलिंडर कहीं नहीं मिली. इसी समस्या को देखते हुए विधायक मोहम्मद कामरान ने उसे दुबई से मंगवाया और मंगलवार को यह प्लेन से दिल्ली पहुंच गई.

स्वयं के खर्चे से मंगवाया सिलिंडर

राजद के दोनों विधायकों ने विधायकों ने स्वयं के खर्च से जिले वासियों के लिए 100-100 सिलेंडर प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा को उपलब्ध करा रहे हैं. इसके पूर्व गोविंदपुर विधायक मो. कामरान अपने वेतन मद की राशि से कोविड मरीजों के लिए 50 बेड उपलब्ध करा चुके हैं, जबकि विधायक कोष से 5 वेंटिलेटर बेड खरीद के लिए प्रशासन को 25 लाख रुपये की अनुशंसा कर चुके हैं. गत वर्ष नवादा विधायक विभा देवी एक करोड 20 लाख रुपये नवादा संसदीय क्षेत्र के कोविड मरीजों की इलाज के लिए आवश्यक उपकरण खरीद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दे चुकी हैं. बताया गया है कि नवादा विधायक विभा देवी बुधवार को सिलेंडर जिला प्रशासन को सुपुर्द करेंगीं.

Input: News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD