उत्तर बिहार में रविवार को हल्की बारिश के बीच बाढ़ का कहर जारी रहा। दरभंगा और मुजफ्फरपुर में दो बांध टूट गए। इससे कई गांवों में पानी फैल रहा है। समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य पथ पर बागमती और दरभंगा-जयनगर एनएच -527 बी पर खिरोई का पानी चढ़ गया है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर तीसरे दिन और सुगौली-मंझौलिया रेलखंड पर दूसरे दिन ट्रेन परिचालन बाधित रहा।
बाढ़ के पानी में डूबने से पूर्वी चंपारण के छह, दरभंगा के दो, मधुबनी व सीतामढ़ी के एक -एक व्यक्ति की मौत हो गई। पश्चिम चंपारण में गंडक का जलस्तर 1.63 लाख क्यूसेक रहा। पूर्वी चंपारण में केसरिया के राजद विधायक डॉ. राजेश कुमार के गांव सरोत्तर के पास पुल ध्वस्त हो गया। मोतिहारी शहर के पास के क्षेत्रों में पानी फैल रहा है। मधुबन प्रखंड के गांवों में पानी घुसा है।
आपदा कार्य में लापरवाही के कारण सुगौली व मोतिहारी सीओ हटा दिए गए। वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों से फूड पैकेट्््स गिराए गए। मधुबनी में कमला बलान खतरे के निशान से ऊपर है। समस्तीपुर के निचले क्षेत्रों में पानी फैला है। सीतामढ़ी में नदियां लाल निशान के पार हैं। मोतिहारी व सीतामढ़ी से शिवहर का संपर्क भंग रहा।
Input : Dainik jagran








