पटना. हिन्दुस्तानी फिल्मी दुनिया के एक नायाब सितारे ऋषि कपूर ((Rishi kapoor) के निधन से सभी शोक संतप्त हैं. ऋषि कपूर ने 70, 80 और 90 के दशक में एक हिट अभिनेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई थी. वह हाल के दिनों तक फिल्म मेकिंग में बिजी रहे थे. इसके साथ ही वह अक्सर समसामयिक विषयों पर अपनी टिप्पणी को लेकर भी खासे चर्चित रहते थे. इसी क्रम में उनका बिहार से भी नाता जुड़ता है. उन्होंने बिहार में शराबबंदी लागू किए जाने के बाद सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को सलाह दी थी, जिस कारण वे काफी चर्चा में रहे थे.

ऋषि कपूर ने बिहार सरकार की ओर से पूर्ण शराबबंदी लागू होने के फैसले पर सवाल उठाया था. उन्होंने ट्विटर के जरिये सीएम नीतीश कुमार के फैसले पर सवाल उठाते हुए लिखा था, ‘बिहार सरकार ने शराब की तस्करी और अवैध शराब को बढ़ावा देने वाला कदम उठाया है. दुनियाभर में शराब पर प्रतिबंध असफल रहा है. जाग जाओ…बिहार. तुम्हें 3,000 करोड़ रुपये के राजस्व का भी नुकसान होगा.’

ऋषि कपूर यहीं नहीं रुके. उन्होंने इस मुद्दे पर कई बार टिप्पणी की थी. उन्होंने शराबबंदी कानून पर सवाल उठाते हुए अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा था, ‘शराब के लिए 10 साल की जेल, अवैध तरीके से हथियार रखने पर पांच साल? वाह CM नीतीश! मैं बिहार नहीं आ रहा! 2016 में आप इतने अदूरदर्शी कैसे हो गए?’

इसके बाद ऋषि कपूर ने 1983 में अमिताभ बच्चन और उनसे स्वयं द्वारा अभिनीत फिल्म ‘कुली’ की एक फोटो भी शेयर की थी. उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘कुली’ के दिनों से पीने की प्रैक्टिस कर रहा हूं, लेकिन सिगरेट और शराब नुकसानदायक है. कृपया इससे दूर रहें.
बता दें कि अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर ऋषि कपूर के देहांत सूचना दी. वे दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे. उनके भाई रणधीर कपूर ने बताया था कि उनको सांस लेने में तकलीफ थी, जिसके चलते परिजनों ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था.
Input : News18






