बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की उठापटक के बीच हिंदुस्तान अवाम पार्टी ‘हम’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी आज एनडीए का हिस्सा बनेंगे। वे आज अपनी पार्टी के एनडीए के साथ गठबंधन की घोषणा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन का हिस्सा रहे मांझी कई बार महागठबंधन में समन्वय समिति के गठन की मांग कर चुके थे। इसके लिए उन्होंने कई बार राजद को अल्टीमेटम भी दिया था। लेकिन उनकी मांग पर राजद की ओर से कोई तवज्जो नहीं दिया गया और उनकी धमकी को भी नजरअंदाज किया गया। इसके बाद मांझी ने महागठबंधन छोड़ने का फैसला किया।

हालांकि महागठबंधन छोड़ने के बाद मांझी ने कहा था कि अभी सभी दलों से बातचीत हो रही है। बसपा, एनसीपी, एमआई एम, वामसेफ से लेकर यशवंत सिन्हा के लोगों से भी बातचीत चल रही है। उन्होंने अपने नेतृत्व में तीसरे मोर्चे की तैयारी का भी संकेत दिया था। हालांकि जद यू से संपर्क और मुख्यमंत्री नीतीश से टेलिफोन पर बातचीत के बाद ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि मांझी जदयू के साथ जा सकते हैं और एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD