यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने कटिहार से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 10 नवंबर से 22 नवंबर तक गाड़ी संख्या 04424 आनंद विहार से दोपहर 3.20 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 12.10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। पांच मिनट का ठहराव के बाद यह ट्रेन कटिहार के लिए रवाना होगी। 11 से 23 नवंबर तक गाड़ी संख्या 04423 कटिहार से प्रत्येक दिन रात के 10.45 बजे चलकर अगले दिन सुबह मुजफ्फरपुर सुबह 5.30 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद आनंद विहार के लिए रवाना होगी। पूमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, ऐशबाग, गोंडा, गोरखपुर, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, नवगछिया के रास्ते चलेगी। इसकी बुकिंग शुरू कर दी गई है। यात्री सीट बुक कराकर आराम से सफर कर सकते हैं।

ब्लॉक से डेढ़ घंटे बंद रहा ट्रेनों का परिचालन
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर-कपरपुरा के बीच गुरुवार को डेढ़ घंटे का ब्लॉक दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों ने क्रॉस बॉडी बदलने का काम किया। इससे ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। अधिकारियों ने कहा कि ट्रैक मेंटेनेंस को ब्लॉक लिया गया।

डीआरएम ने व्यापारियों की परेशानी सुन लिए सुझाव
मुजफ्फरपुर : समस्तीपुर मंडल के डीआरएम अशोक माहेश्वरी की अध्यक्षता में विभिन्न माल गोदामों में व्यापारियों के बीच ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सरस्वती चंद्र ने व्यापारियों को रेलवे बोर्ड की पॉलिसी से अवगत कराया। रेल प्रबंधक ने कहा कि मंडल प्रशासन व्यापारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं देने के लिए कटिबद्ध है। रेलवे माल ढुलाई के लिए सस्ता व सुरक्षित साधन है। व्यापारियों को माल ढुलाई से संबंधित नियमों की जानकारी दी। व्यापारियों की परेशानियों को भी सुना, उनसे सुझाव भी लिए। मंडल रेल प्रबंधक ने व्यापारियों को भरोसा दिया कि समुचित कार्रवाई कर आगामी समय में व्यापारियों को और भी सुविधाएं दी जाएंगी। इसमें एडीआरएम जफर आजम, सीनियर डीओएम रूपेश कुमार, डीसीएम प्रसन्न कुमार आदि थे।

रेलवे गुमटी का बूम क्षतिग्रस्त : मुजफ्फरपुर : रामदयालुनगर स्थित रेलवे गुमटी संख्या 7 पर ऑटो ने बूम में टक्कर मार दी। इससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ देर परिचालन बाधित रहा। गेटमैन ने बताया कि गुमटी बंद करने के दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने बूम में टक्कर मार दी। इससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। आरपीएफ को सूचना दी गई है।
Source : Dainik Jagran



