देश में कोरोना से निपटने के लिए अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर समेत कई मेडिकल उपकरणों की किल्लत है. इस सब के बीच अस्पतालों में खून की कमी भी देखी जा रही है. ऐसे में कुछ दलाल खून का कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला बिहार की राजधानी पटना का है, जहां पटना मेडिकल कॉलेज में एक मरीज के परिजन से 15 यूनिट खून के लिए 60 हजार वसूले गए.

दरअसल पटना मेडिकल कॉलेज (Patna Medical College) के टाटा वार्ड में एक 65 साल की महिला उर्मिला देवी को भर्ती कराया गया था. जो पिछले 70 दिनों से अस्पताल में हैं. उर्मिला देवी का बेटा अनूप उनके साथ अस्पताल में है. अनूप ने बताया कि उसकी मां को खून की जरूरत थी, जिसके चलते वो ब्लड बैंक से खून लेने गया जहां कर्मचारियों ने खून उपल्ब्ध होने से मना कर दिया और काउंटर से उसे एक गुड्‌डू नामक दलाल के पास भेज दिया. जिसके बाद उसने दलाल से कई बार खून लिया.

15 यूनिट खून के लिए वसूले 60 हजार

अनूप ने बताया कि दलाल गुड्‌डू ने उससे 15 यूनिट के लिए गुड्‌डू ने 60 हजार रुपया लिया है. इसके लिए उसने कई बार नगद पैसा लिया और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन भी कराया है जिसका अनूप के पास पूरा रिकॉर्ड है. अनूप ने इस पूरी व्यवस्था पर गुस्सा जताते हुए एक वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर उसे वायरल कर दिया. सोशल मीडिया पर टाटा वार्ड के अंदर से वीडियो वायरल कर अनूप ने अस्पताल में जहर खाने की भी बात कही है.

ब्लड बैंक-दलालों की मिली भगत

अनूप ने कहा कि यहां मरीज को कोई देखने वाला नहीं है. 7 दिन से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. एंडोस्कोपी डॉक्टरों ने लिखा है लेकिन अभी तक जांच नहीं की गई है. मां की हालत दिन प्रतिदिन खराब हो रही है. पेशेंट आ रहे, लेकिन बच कर कम ही जा रहे हैं. यहां कोई नियम कानून नहीं है, सब फेल है. अनूप का आरोप है कि ब्लड बैंक से डोनर को कोई न कोई कारण बताकर वापस कर दिया जाता है. इसके बाद दलालों का कारोबार होता है. दलालों पर कोई अंकुश नहीं लग रहा है.

Input: tv9

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD