छठ पर्व पर पटना समेत दानापुर रेल मंडल में आने वाली सभी ट्रेनें अपनी पूरी क्षमता के साथ आ रही हैं। पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर, दानापुर, पाटलिपुत्र समेत अन्य स्टेशनों पर पहुंचने वाली सभी ट्रेनें अपने उद्गम स्टेशन से ही भरी हुई आ रही हैं। ट्रेनों की सभी बोगियों में क्षमता के अनुरुप सभी सीटें भरी हुई रह रही हैं। वहीं, छठ के बाद 22 नवंबर से 30 नवंबर तक बिहार से बाहर के राज्यों में जाने वाली सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।

सोमवार की सुबह नई दिल्ली से आने वाली राजधानी पूरी क्षमता के साथ जंक्शन पहुंची। पहले के दिनों की तुलना में अधिक यात्रियों के आगमन से प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया में मेला सा नजारा रहा। यही हाल संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस का भी रहा। इसमें भी पूरी क्षमता से भरकर यात्री आए। इसी तरह मुंबई से आने वाली ट्रेन भी फुल पहुंच रही है। अहमदाबाद, इंदौर, रांची, सिकंदराबाद समेत अन्य जगहों से काफी लोग छठ के लिए आ रहे हैं। लेकिन रेलवे की मानें तो सबसे अधिक यात्री दिल्ली व मुंबई से आ रहे हैं। महावीर मंदिर के बाहर में सैकड़ों ऑटो वालों को भी इन दिनों अधिक सवारी मिलने लगे हैं। छठ पूजा को लेकर परदेस से घर लौटने वाले व्रती काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।

पटना जंक्शन के निदेशक डॉ नीलेश कुमार ने बताया कि आजकल छठ के मौके पर सभी राज्यों से आने वाली सभी ट्रेन पूरी कैपिसिटी के साथ आ रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों में सभी श्रेणी के बोगियों में आने के समय वेटिंग लिस्ट करीब 100 के आसपास रह रहा है। ऐसे में बोगी में पूरी क्षमता के अनुरूप ही यात्री आ रहे हैं। स्लीपर में 50, टू एस में 90 से 100, एसी 3 में 50, और एसी टू में 20 के आसपास ही लोग आ रहे हैं। वहीं, बिहार आने वाली स्पेशल ट्रेनों के अलावा पूजा स्पेशल, क्लोन स्पेशल ट्रेनों में भी पूरी क्षमता से यात्री आ रहे हैं। वहीं, पटना से आने जाने वाली मेमू पैसेंजर में भी यात्रियों की तादाद बढ़ रही है। बाहर के स्टेशनों से आने वाले जंक्शन से मेमू ट्रेन पकड़ कर नजदीक के स्टेशन पहुंच रहे हैं। वहीं, जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ को देखकर करबिगहिया साइड के दो इंट्रेंस खोल दिए गए हैं। साथ ही सभी वेटिंग हॉल भी खोले गए हैं। जंक्शन पर कोरोना के गाइडलाइन का पालन कराने के लिए सभी यात्रियों की नियमित जांच भी की जा रही है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD