दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शिरकत करने वाले लोगों में से 81 लोग बिहार से थे. इस बात की जानकारी बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बुधवार को मीडिया को दी. संजय कुमार ने बताया कि मरकज में 81 लोग बिहार से शामिल हुए थे जिनमें से 17 लोग पटना के थे. इन लोगों को चिन्हित किया जा चुका है.

संजय कुमार ने बताया कि 13 लोग मरकज में शामिल होने वाले बक्सर से थे और उन सभी की पहचान कर ली गई है. संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार इन सभी 30 लोगों का सैंपल लेकर उसकी जांच करवा रही है. प्रधान सचिव ने बताया कि मरकज में शामिल होने वाले विदेश से जो लोग आए थे, उनमें पहले कोरोना वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे थे. अब उनके अंदर भी ऐसे लक्षण पाए गए हैं. इसलिए राज्य सरकार उन सभी की दोबारा जांच करा रही है.
संजय कुमार ने बताया कि 81 लोगों में से 30 की तो पहचान हो गई है मगर बाकी लोगों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. राज्य सरकार उन्हें तलाशने की पूरी कोशिश कर रही है. स्वास्थ्य प्रधान सचिव ने बताया कि निजामुद्दीन मरकज का मामला काफी संवेदनशील है, इसलिए सरकार इसको गंभीरता से ले रही है. संजय कुमार ने जानकारी दी कि इस पूरे मामले पर बिहार के मुख्य सचिव दीपक कुमार और डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे के साथ बैठक कर बाकी उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जो मरकज में शामिल हुए थे.
Input : Aaj Tak






