कोरोना की दूसरी लहर की वजह से बिहार राज्य में लगातार मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में सरकार ने कोरोना के लिए टीकाकरण में तेजी लाने की कोशिश शुरू कर दी है. इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने वैक्सीन को लेकर अहम जानकारी दी है.

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया है कि 18 से 45 वर्ष आयु के लोगों के टीकाकरण के लिए राज्य में 6 लाख 14 हजार वैक्सीन की डोज आ गए हैं. ये डोज अभी पटना पहुंचे हैं. इसमें इसमें 5 लाख कोविशिल्ड व 1 लाख 14 हजार कोवैक्सिन है.

गौरतलब है कि इसके पहले उन्होंने राज्य में ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर भी जानकारी दी थी. इस दौरान उन्होंने बताया था कि बुधवार को फिर केंद्र से पांच लीटर का 92 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिला है. वहीं, पूर्व में राज्य के विभिन्न अस्पतालों एवं जिला स्वास्थ्य समिति को पांच लीटर का 2,430 और 10 लीटर का 1,500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेजा गया है. राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेज सह अस्पतालों एवं जिला अस्पतालों में लगभग 909 बाइपैप मशीन बीते महीने में उपलब्ध कराए गए हैं.

वहीं, अगर राज्य में कोरोना मामलों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 9,863 लोग कोरोना से पॉजिटिव मिले. जबकि पटना समेत 6 जिले ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं. जारी आंकड़ों के अनुसार पटना में कोरोना के 977, नालंदा में 523, मुजफ्फरपुर में 506, समस्तीपुर में 487, कटिहार में 478, और बेगूसराय में 409 एक्टिव केस पाए गए हैं. जबकि इस दौरान 1 लाख 11 हजार 740 टेस्ट हुए हैं.

Input: Zee Media

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD