आज नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। इसमें भाजपा कोटे से शाहनवाज हुसैन भी मंत्री बनने वाले हैं। शाहनवाज मंगलवार सुबह पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर समर्थकों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। अपने गृहराज्य बिहार में बड़ी जिम्मेदारी मिलने से उत्साहित नज़र आ रहे शाहनवाज ने इस मौके कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। शाहनवाज ने कहा कि पीएम मोदी ने मुझे अपनी सरजमी पर सेवा के लिए भेजा है। मैं बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इस लायक समझा।

केंद्र में मंत्री और लम्बे समय तक सांसद रह चुके शाहनवाज ने कहा कि पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देने वाली है वो सहर्ष स्वीकार है। मैं बिहार की 14 करोड़ जनता के लिए दिल से काम करुंगा। सांसद और मंत्री के रूप में जो अनुभव है उसका लाभ बिहार की जनता को कैसे मिले, इसका पूरा प्रयास करुंगा। पार्टी और पीएम मोदी ने जो विश्वास जताया है उस पर अपनी सेवा और निष्ठा से खरा उतरुंगा।

17 मंत्री ले सकते हैं शपथ
मंत्रिमंडल में 17 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। भाजपा से नौ, जबकि जदयू से आठ मंत्री शपथ ले सकते हैं। अभी नीतीश सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर 13 मंत्री हैं। इनमें जदयू से चार, भाजपा से सात, जबकि हम और वीआईपी कोटे के एक-एक मंत्री हैं। राजभवन सचिवालय से मिली जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.30 बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित होगा।
Source : Hindustan






