दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। पटना के अणे मार्ग पर स्थित सीएम आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान सुशांत के पिता के अलावा, उनके बहनोई और बहन भी मौजूद रहीं। बिहार में चुनाव माहौल के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर कई तरह की चर्चा चल रही है। हालांकि परिजनों ने इसे महज शिष्टाचार भेंट बताई है।

बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सुशांत सिंह राजपूत मौत केस राज्य में एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। इस मामले में सीबीआई की जांच जारी है। वहीं ईडी और एनसीबी भी केस से जुड़े अन्य पहलुओं पर जांच कर रही हैं। बिहार सरकार की सिफारिश के बाद ही केंद्र सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की मंजूरी दी थी।

14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी। लेकिन सुशांत के परिजनों ने मुंबई पुलिस की जांच पर असंतुष्टि जताई और आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस की जांच सही दिशा में नहीं जा रही है। इसके बाद सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में एक एफआईआर दर्ज कराई। तब बिहार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और अधिकारियों की एक टीम मुंबई भी गई थी। हालांकि बाद में इस पर काफी विवाद हुआ और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया।

सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत मौत केस की जांच सीबीआई को सौंपने को सही ठहराया था। सीबीआई जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों की जांच ईडी और एनसीबी भी कर रही है। अभी तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD