बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय (DGP Gupteshwar Pandey) आज जनता दल यूनाइटेड में शामिल होंगे. कुछ दिन पहले ही डीजीपी के पद से वीआरएस लेने वाले गुप्तेश्वर पांडेय के राजनीति में आने के कयास काफी दिनों से लगाए जा रहे थे और इस कयास से पर्दा शनिवार को उस वक्त हट गया था जब डीजीपी रहे गुप्तेश्वर पांडेय अचानक से नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से मिलने पटना स्थित जेडीयू के कार्यालय में चले गए थे.
इसके बाद ये मान जा रहा था कि वो कल यानी शनिवार को ही पार्टी की सदस्यता लेंगे लेकिन उन्होंने इस बात से इंकार किया था. गुप्तेश्वर पांडेय ने शनिवार को कहा था कि वो नीतीश कुमार को धन्यवाद देने के लिए जनता दल ऑफिस पहुंचे थे. पांडे ने कहा था कि वह अभी चुनाव लड़ने को लेकर कोई रणनीति नहीं बनाए हैं और केवल नीतीश कुमार से मुलाकात करने के लिए पहुंचे थे.
बिहार के डीजीपी पद से रिटायरमेंट लेने वाले इस पूर्व अधिकारी ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुझे स्वतंत्र रूप से मेरे कार्यकाल में मुझे काम करने दिया इसीलिए आज उन्हें जेडीयू कार्यालय में धन्यवाद देने आया हूं. चुनाव लड़ने की अभी तक कोई मंशा नहीं है लेकिन रविवार को जो खबर सामने आई है उसके मुताबिक गुप्तेश्वर पांडेय शाम 5 बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जेडीयू की सदस्यता लेंगे. उनको पार्टी के सीनियर लीडर्स की अगुवाई में जेडीयू की सदस्यता दिलवाई जाएगी.
वहीं दूसरी और पार्टी ने विधान सभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को जेडीयू का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. चुनाव से ठीक पहले दलितों को साथ लेने के लिए जेडीयू का यह बड़ा फैसला माना जा रहा है. अशोक चौधरी फिलहाल बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री हैं वह भी आज शाम ही जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे.
Input: News18






