लोजपा और जेडीयू के बीच चल रही तनातनी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दहलीज पर पहुंच गई है। लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने पीएम मोदी को बिहार के राजनीतिक हालात को लेकर एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर लोजपा की राय के बारे में जानकारी दी गई है। अभी दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार दौरे पर आए थे और बयान दिया था कि एनडीए में सब कुछ ठीक चल रहा है। लेकिन चिराग के द्वारा पीएम मोदी को आज लिखी गई चिट्ठी से यह तय हो गया है कि अभी सब कुछ ऑल इज वेल नहीं है।
वहीं केंद्रीय मंत्री व लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान का भी कहना है कि वे चिराग के हर फैसले के साथ मजबूती से खड़े हैं। साथ ही, विश्वास जताया है कि अपनी युवा सोच से चिराग पार्टी व बिहार को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को बेहद भावनात्मक ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि चिराग मेरा ख्याल रखने के साथ-साथ पार्टी के प्रति भी अपनी ज़िम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन के लिए काम करने को कहा है। नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनावी मैदान में जा रहे हैं। न केवल भाजपा बल्कि एनडीए के घटक दल जदयू व लोजपा के उम्मीदवारों को भी जीत दिलानी है। उन्होंने भरोसा दिया कि चुनाव में सम्मानजनक समझौता होगा। भाजपा अध्यक्ष ने नेताओं से साफ कहा कि विश्वास ठीक है पर अति विश्वास न पालें। सामने वाले को कमजोर न समझें। फिर से एनडीए सरकार बनाने की तैयारी में कोई कोताही न बरतें। महाराष्ट्र में जिन सीटों पर शिवसेना लड़ती थी इस बार भाजपा जीती। ये इसलिए हुआ क्योंकि हमने तैयारी नहीं छोड़ी।
बिहार दौरे पर आए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी कहा है कि एनडीए एकजुट है। लोजपा से कोई मतभेद नहीं है। जो भी मसला है, मिल-बैठकर सुलझा लिया जाएगा। बिहार में पीएम-सीएम के काम से लोग खुश हैं और बिहार दोगुनी शक्ति के साथ तरक्की कर रहा है। एनडीए के घटक दल बिहार में मिलकर चुनाव लडेंगे। हमारी जीत तय है।
Input: Live Hindustan







