बिहार विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजे मंगलवार की देर रात आ गए. इसके साथ ही राज्य में एक बार फिर से एनडीए की सरकार के गठन का रास्ता साफ हुआ है. बिहार की 243 सीटों में से इस बार भी कई बाहुबलियों को जीत मिली है, जिनमें से अनंत सिंह जैसे दिग्गज का भी नाम शामिल है. बिहार की मोकामा सीट से चुनाव लड़ने वाले अनंत सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी जेडीयू के राजीव लोचन को करारी शिकस्त दी है. अनंत सिंह ने जदयू के राजीव लोचन नारायण सिंह (42964 वोट) को 35757 मतों से हराया है. इस प्रकार अनंत सिंह पांचवीं बार मोकामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने हैं.

बिहार के जिन बाहुबलियों को इस बार के चुनाव में जीत मिली है उनमें दानापुर से रीतलाल यादव भी शामिल हैं. राजद के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ने वाले रीतलाल यादव ने दानापुर से जीत हासिल की है और बीजेपी की आशा सिन्हा को हराया है.

बिहार चुनाव जीतने वाले तीसरे बाहुबली नेता जेडीयू के अमरेंद्र पांडेय हैं, जिन्होंने गोपालगंज की कुचायकोट सीट से जीत हासिल की है. अमरेंद्र पांडे का नाम बिहार के बाहुबलियों में शामिल है. कुचायकोट विधानसभा सीट को अमरेन्द्र पांडेय की मदद से जदयू ने फिर अपनी झोली में कर लिया. जदयू के प्रत्याशी विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने इसी सीट पर कांग्रेस के पूर्व सांसद काली प्रसाद पांडेय को 17 हजार से अधिक वोट से पछाड़ कर जीत दर्ज किया.

विधानसभा का चुनाव जीतकर विधायक बनने वाले चौथे बाहुबली सुरेंद्र यादव हैं जो कि राजद के कद्दावर नेता हैं. गया जिला के बेलागंज निर्वाचन क्षेत्र से इस बार भी राजद के सुरेंद्र यादव विजयी हुए हैं. इलाके में डॉन की छवि रखने वाले सुरेंद्र यादव ने जनता दल यूनाइटे के अभय कुमार कुशवाहा को इस चुनाव में 23516 वोटों से हराया है.

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार एक और बाहुबली को जीत मिली है वो हैं प्रहलाद यादव. लखीसराय जिला की सूर्यगढ़ा विधानसभा सीट से लालू की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का किला बचाने में प्रहलाद यादव कामयाब रहे हैं. राजद उम्मीदवार प्रह्लाद यादव ने यहां जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के रामानंद मंडल को 9371 मतों के अंतर से पराजित कर दिया. प्रह्लाद यादव की छवि इलाके में दबंग और बाहुबली की रही है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD