पटना. बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्षी महागठबंधन (Mahagathbandhan) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मचा सियासी घमासान देशभर में चर्चाओं के केंद्र में हैं. विभिन्न दलों के नेता तो इस पर प्रतिक्रिया दे ही रहे हैं, आज मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास (Dr. Kumar Vishvas) ने भी सीट बंटवारे को लेकर तंज कसा है. कुमार विश्वास ने एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे और आपसी सहमति को लेकर प्रतिक्रिया दी है. विश्वास ने अपने ट्वीट में बीजेपी-जेडीयू के साथ मिलकर लड़ने, लेकिन चिराग पासवान (Chirag Paswan) की अगुवाई वाली लोजपा के जेडीयू को छोड़ बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर तंज कसा है. उन्होंने अपने ट्वीट में चुनाव के बाद इन दलों के बीच सरकार गठन को लेकर मचने वाले घमासान की संभावना पर भी चुटकी ली है.

कवि कुमार विश्वास ने अपने ट्वीट में बीजेपी-जेडीयू और लोजपा के बीच मची रार को लेकर तंज कसा है. विश्वास ने अपने ट्वीट में लोजपा के स्टैंड पर लिखा है कि बीजेपी-जेडीयू और लोजपा-बीजेपी साथ मिलकर चुनाव लड़ेगीर. लेकिन लोजपा, जेडीयू के खिलाफ लड़ेगी. बिहार चुनाव में लोजपा भले ही बीजेपी के साथ और जेडीयू के खिलाफ रहेगी, लेकिन केंद्र में जेडीयू-बीजेपी के साथ रहेगी. विश्वास ने व्यंग्य के अंदाज में लिखा है कि लोजपा चुनाव के बाद बीजेपी या जेडीयू, किसी के भी साथ मिलकर सरकार बनाएगी.

दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद महागठबंधन और एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर आपसी खींचातानी बढ़ गई है. खासकर महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर ज्यादा खींच-तान मची हुई है. बीते दिनों महागठबंधन के दलों के बीच सीटों का बंटवारा हुआ, तो मुकेश सहनी की वीआईपी ने सीट संख्या पर नाराजगी जताते हुए खुद को गठबंधन से अलग कर लिया. अब मुकेश सहनी के बीजेपी के साथ बातचीत की खबरें भी आ रही हैं. उधर, उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन से अलग होकर अपना अलग मोर्चा खोल लिया है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD