पर्व-त्योहार के मद्देनजर बिजली कंपनी ने निर्बाध बिजली देने की तैयारी की है। इसके लिए जिला से लेकर मुख्यालय तक विशेष कंट्रोल रूम काम करेगा। चौबीसो घंटे काम करने वाले इस कंट्रोल रूम में कोई भी बिजली गुल होने की शिकायत कर सकता है। सूचना मिलने पर कंपनी की कोशिश होगी कि वह अविलंब बिजली बहाल करे। कंट्रोल रूम का नंबर जल्द ही सार्वजनिक होगा।

दरअसल, पर्व-त्योहार में अब तक रिकॉर्ड बिजली की आपूर्ति होती रही है। अधिकारियों के अनुसार अवर प्रमंडल कार्यालय से लेकर कंपनी मुख्यालय तक विशेष कंट्रोल रूम काम करेगा। चौबीसो घंटे काम करने वाले इस कंट्रोल रूम में तीन पालियों में कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कर्मियों का रोस्टर बनाया जा रहा है।

बिजली गुल होते ही तुरंत होगी बहाल
कंपनी के कर्मियों या आम लोगों से बिजली गुल होने की सूचना मिलते ही अविलंब बिजली बहाल करना कंट्रोल रूम की पहली प्राथमिकता होगी। चूंकि आम दिनों की तुलना में पर्व-त्योहार में एक हजार मेगावाट से अधिक बिजली की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरत के अनुसार बाजार से बिजली की भी खरीदारी की योजना बनाई है।

चुनौतियां भी कम नहीं हैं…
राज्य में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या एक करोड़ 60 लाख पार कर चुकी है। इतने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देना चुनौती है। बरसात के मौसम में बिजली कंपनी की आधारभूत संरचना को भी काफी नुकसान होता है। उत्तर बिहार के कई जिले में अब भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं कंपनी बिजली आपूर्ति की निगरानी 11 केवी फीडर के स्तर पर करती है। जबकि मोहल्लों में तार-पोल गिरने, ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज उड़ने आदि की समस्या से बिजली गुल हो जाए तो उस पर संज्ञान लेने में देर होती है।
Source : Hindustan

हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏



