किसान संगठनों के भारत बंद को बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टी राष्‍ट्रीय जनता दल यानी राजद का साथ मिलने के कारण प्रदेश में इसका असर दिख रहा है। दिन चढ़ने के साथ राजद कार्यकर्ता और अन्‍य विरोधी दलों के समर्थक सड़कों पर उतरकर यातायात बाधित करने में जुटे हैं। पटना से उत्‍तर बिहार को जोड़ने वाले महात्‍मा गांधी सेतु पर भी यातायात प्रभावित हो गया है। पटना के जगनपुरा में बाईपास रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

हालांकि पटना शहर के अंदरुनी हिस्‍सों में बंद का कोई खास असर नहीं दिख रहा है। बिहार के ग्रामीण इलाकों में बंद का ज्‍यादा असर है। भागलपुर, आरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में बंद समर्थक सक्रिय दिख रहे हैं। बंद की वजह से कई इलाकों में सड़क यातायात प्रभावित हुआ है, वहीं कुछ ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है।

लहेरियासराय स्‍टेशन पर जानकी एक्‍सप्रेस को रोका

शुक्रवार की सुबह होते ही जहानाबाद जिले में काको के पास राजद नेताओं और समर्थकों ने गया-पटना राष्‍ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित कर सरकार विरोधी नारे लगाए। दूसरी तरफ दरभंगा जिले के लहेरियासराय स्‍टेशन पर बंद समर्थकों ने जानकी एक्‍सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों का परिचालन बाधित किया है। मुजफ्फरपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का असर दिख रहा है। बेगूसराय में बंद समर्थकों ने बस स्‍टैंड के पास ही एनएच 31 को जाम कर दिया है। बंद समर्थक जगह-जगह सड़क जाम कर नारेबाजी कर रहे हैं। किसान मोर्चा के भारत बंद का राजद ने भी समर्थन किया है। बिहार में राजद 26 मार्च को सक्रिय रूप से बंद में सहयोग करेगा। वामदलों और कांग्रेस ने समर्थन का पहले ही एलान कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजद समेत महागठबंधन के कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

गया स्‍टेशन पर ट्रेनों का परिचालन सामान्‍य, वैशाली में बंद का असर

गया जंक्‍शन से गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन फिलहाल सामान्‍य है। यहां एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों को मुस्‍तैद रखा गया है। वैशाली जिले में कई जगहों पर सड़क जाम कर राजद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। महुआ से राजद के विधायक डॉ. मुकेश रौशन के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर-पटना मार्ग को गांधी सेतु के समीप जाम कर दिया है। राजद कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। विधानसभा में विधायकों पर हुए हमले के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उधर राजद कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच को भगवानपुर अड्डा चौक पर जाम कर दिया है। राजद कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। जिले में कई अन्य जगहों पर भी राजद के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD