पटना. बिहार में एक बार फिर से न्यूज 18 की खबर का बड़ा असर हुआ है. एंबुलेंस संचालकों की मनमानी और किराये में लूट की खबर दिखाए जाने के 24 घन्टे बाद ही निजी एम्बुलेंस का सरकार ने किराया निर्धारित कर दिया है. किराया निर्धारण की जानकारी खुद सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने ट्वीट के जरिये दी है. बिहार में लगातार निजी एम्बुलेंस द्वारा कोविड मरीजों से मनमाने किराया लिए जाने की शिकायतें मिल रही थी जिसके बाद न्यूज 18 के अंडर कवर रिपोर्टर ने पटना के कई निजी एजेंसियों का स्टिंग ऑपरेशन किया और सभी एजेंसियों की करतूत बेनकाब हो गई.

इस ऑपरेशन में निजी एजेंसियों ने पटना से भागलपुर का एम्बुलेंस का किराया 40 हजार से लेकर 80 हजार तक बताया था लेकिन हकीकत में किराया महज 12 हजार रुपये ही हैं. ऐसे में खबर चलने के बाद खुद सीएम नीतीश कुमार ने आपात बैठक बुलाई और आदेश दिया कि निजी एम्बुलेंस की मनमानी के खिलाफ कार्रवाई करें, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग ने कमेटी गठित कर नए दर की अनुशंसा की और नया दर निर्धारित किया साथ ही आदेश दिया. अगर कोई भी एजेंसी नियमों का उल्लंघन करती है तो आपदा एक्ट के तहत कार्रवाई होगी.

स्वास्थ्य विभाग ने जो दर तय किया है उसमें सामान्य यानि नॉन एसी और एसी गाड़ियों के लिए अलग-अलग दरें रखी गई है. छोटी कार सामान्य 50 किमी तक आने जाने के लिए अब 1500 रुपया लगेगा. छोटी कार वातानुकूलित के लिए 50 किमी तक अब 1700 रुपया तक किराया देना होगा. बोलेरो, सूमो, मार्शल 50 किमी तक के लिए 1800, बोलेरो, सूमो, मार्शल वातानुकूलित के लिए 50 किमी तक 2100 रुपये का किराया देना होगा.

मैक्सी, सिटी राइड, विंगर जैसी गाड़ियों में 50 किमी के लिए 2500 रुपये, जाइलो, स्कॉर्पियो वातानुकूलित में 50 किमी के लिए 2500 रुपये का किराया मान्य होगा. छोटी गाड़ी के लिए 50 किमी से अधिक दूरी पर 18 रुपये प्रति किमी से किराया देना होगा. छोटी गाड़ी के लिए 50 किमी से अधिक दूरी पर 18 रुपये प्रति किमी किराया देना होगा.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD