बिहार में कोरोना टेस्ट में फर्जीवाड़ा का मसला संसद में उठा है. मीडिया में आई खबरों के बाद इस मसले को आरजेडी सांसद मनोज झा ने संसद के पटल पर रखा, जिसके बाद इस मसले पर सियासत तेज हो गई है. उधर, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को निलंबित किया जबकि 5 लोगों को बर्खास्त करने का आदेश दिया है.

ससंद में गूंजा कोरोना जांच ‘फर्जीवाड़ा’ का मसला

दरअसल, बिहार में हुए कोरोना जांच में फर्जीवाड़े का मसला राज्यसभा में आरजेडी सांसद मनोज झा ने उठाया. उन्होंने इस मुद्दे को सदन के पटल पर रखा और जांच की मांग की. उनकी मांग को उपराष्ट्रपति ने भी गंभीर माना है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से जांच करने को कहा.

एक्शन में आई नीतीश सरकार

उधर, मीडिया में जैसे ही फर्जीवाड़े की खबर आई, नीतीश कुमार सरकार एक्टिव हो गई. सरकार ने गड़बड़ी को मानते हुए स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि पूरे बिहार में 12 टीमें जांच करेंगी. हर जिला में जाकर कोरोना जांच की जांच होगी. दोषी पाए जाने वाले कर्मियों और डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी.

स्वास्थ्य मंत्री ने की कार्रवाई

वहीं, सदन में सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि सवाल उठाने के पहले बिहार सरकार ने कार्रवाई की है. एक अखबार में खबर आने के बाद हमने जांच के आदेश दिए. जांच में मामला सत्य पाया गया, जिसके बाद सम्बंधित कर्मियों पर कार्रवाई की गई है.

9 स्वास्थ्य कर्मी पर चला सरकार का ‘डंडा’

जानकारी के अनुसार, सरकार की बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 स्वास्थ्य कर्मी और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की है. 4 स्वास्थ्य कर्मी को निलंबित कर दिया गया है जबकि 5 लोगों को बर्खास्त कर दिया गया है. जमुई सिविल सर्जन डॉ विजेंद्र सत्यार्थी, जमुई सिकंदरा प्रभारी चिकित्सक डॉ साजिद हुसैन, बरहट चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एन के मंडल और जमुई जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि जमुई जिला कार्यक्रम प्रबंधक सिकंदरा, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक बरहट, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक दोनों प्रखंड के चिन्हित ए एन एम और लैब टेक्नीशियन सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.

‘पैसे का हुआ बंदरबांट’

इधर, सरकार ने कार्रवाई तो कर दी लेकिन मौका विपक्ष को मिला गया. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि इस फर्जीवाड़े के खेल में पैसों को बंदरबांट हुआ है और ये मसला वो विधानसभा में भी उठा चुके हैं.

Source : Zee Bihar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD