बिहार में कोरोना से मृत लोगों को परिजनों को अब 4.50 लाख रुपए अनुदान मिलेंगे। पहले चार लाख रुपए अनुदान के रूप में स्वीकृत थे। राज्य कैबिनेट ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 50 हजार की अतिरिक्त राशि मंजूर की। इस प्रकार अब ऐसे लोगों के परिजनों को साढ़े चार लाख रुपए मिलेंगे।

8 हजार लोगों को चार-चार लाख की राशि वितरित की जा चुकी है जबकि 1500 लोगों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान की राशि के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। जिन्हें पहले चार लाख रुपए मिले हैं, उनके खाते में भी 50-50 हजार रुपए अतिरिक्त भेजे जाएंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा 11 अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली।

हर घर में 2025 तक प्रीपेड मीटर, 11 हजार करोड़ मंजूर
वर्ष 2025 तक हर घर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लग जाएंगे। इसके लिए 11 हजार करोड़ की योजना मंजूर की गई है। इसके कार्यान्वयन के लिए इसकी 30 फीसदी राशि 3300 करोड़ रुपए नार्थ व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को नाबार्ड से ऋण की स्वीकृति दी गई। इस राशि में से वर्ष 2021-22 के लिए 810 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

दलहन-तेलहन उत्पादन बढ़ाने की योजना स्वीकृत
कैबिनेट ने दलहन-तेलहन का उत्पादन बढ़ाने की योजना स्वीकृत की है। इसका सीधा लाभ 4.51 लाख किसानों को होगा। इनका उत्पादन कम होने का मूल कारण बीजों का प्रतिस्थापन दर कम है। यह मौजूदा समय में दलहन का 11.13 प्रतिशत और तेलहन का 53.76 प्रतिशत है।

फसल क्षति के मुआवजे के लिए 1000 करोड़ रु. मिले
बाढ़ से हुई फसल क्षति के मुआवजे के लिए 1000 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इसमें कृषि इनपुट अनुदान और जलजमाव के कारण खेती नहीं कर पाने वाले किसानों को दिया जाने वाला अनुदान शामिल है। 6.64 लाख हेक्टेयर में लगी फसल क्षति का आकलन किया गया है।
किताब के विमोचन पर ऐलान जेपी सेनानियाें को अब 15000 रु. तक पेंशन
बिहार में जेपी सेनानियों को अब पेंशन में ज्यादा राशि मिलेगी। सोमवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि जाे जेपी सेनानी जेल में एक से छह महीने तक रहे उन्हें अबतक 5000 रुपए मिलते थे, अब साढ़े सात हजार मिलेंगे। जाे सेनानी जेल में छह माह से ज्यादा रहे उन्हें अबतक दस हजार रुपए मिलते थे जिसे बढ़ाकर अब 15000 रुपए करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री जेपी की जयंती पर गांधी संग्रहालय में बिमल प्रसाद और सुजाता प्रसाद की लिखी किताब द ड्रीम ऑफ रिवाॅल्यूशन अ बायाेग्राफी ऑफ जय प्रकाश नारायण का विमाेचन कर रहे थे।
Source : Dainik Bhaskar
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏




