Bharat Bandh in Bihar Farmers Protest किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत भारत बंद (Bharat Bandh) का बिहार में भी असर दिख रहा है। राज्य में इसे महागठबंधन (Mahagathbandhan) के घटक दलों के साथ-साथ राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) और जन अधिकार पार्टी (JAP) सहित अन्य विपक्षी दलों (Opposition Parties) ने भी समर्थन दिया है। बंद से आपात व आवश्यक सेवाओं (Emergency and Essential Services) को मुक्त रखा गया है। बंद अभी से ही हंगामेदार दिख रहा है। बंद समर्थकों का जोर बाजार व आवागमन बंद कराने पर अधिक है। हालांकि, बंद के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
11:20 बजे: हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु जाम, उत्तर बिहार से कटी राजधानी
बंद के दौरान हाजीपुर सहित वैशाली जिले के कई भागों में आवागमन ठप हो गया है। आरेजडी, कांग्रेस, वाम दल और किसान संगठनों ने हाजीपुर में उत्तर व दक्षिण बिहार की लाइफलाइन महात्मा गांधी सेतु को जाम कर दिया है। गांधी सेतु के पास और राघोपुर पीपा पुल को भी बंद कर दिया गया है। बाजार भी बंद हैं।
11: 10 बजे: डाक विभाग पर बंद का असर नहीं
पटना में डाक विभाग पर भारत बंद का नहीं देखा जा रहा है। चीफ पोस्ट मास्टर रासबिहारी राम ने कहा कि पटना जीपीओ में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हो रहा है। कर्मचारियों की उपस्थिति भी अन्य दिनों की तरह ही है। सभी डाकिया डाक लेकर निकल गये हैं।
10:50 बजे: पटना में खुले हैं कई बैंक, काम पर असर नहीं
पटना में बैंकों के काम पर भारत बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है। आज बैंक समय से बैंक खुले। सामान्य दिनों की तरह ही काम चल रहा है। भारतीय स्टेट बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अजीत मिश्रा ने बताया कि सभी शाखाएं खुलीं हैं। बिहार प्रोविंसियल बैंक इम्पलाईज एसोसिएशन के उप महासचिव संजय तिवारी ने भी कहा कि सभी बैंक खुले हुए हैं। वाणिज्यिक, निजी और को-ऑपरेटिव बैंकों में काम हो रहे हैं। हालांकि, आज ग्राहकों की उपस्थिति पांच से दस फीसद कम है।
10:35 बजे: आरजेडी प्रदेश कार्यालय के सामने प्रदर्शन
पटना में आरजेडी के नेता-कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय के सामने धरना पर बैठ गए हैं। वे राज्य व केंंद्र सरकारों के खिलाफ नारजेबजी कर रहे हैं।
10:25 बजे: जगह-जगह गहराता दिख रहा आंदोलन
बांका में महागठबंधन के कार्यकर्ता बाजार बंद करा रहे हैं। सड़कों को भी जाम कर दिया गया है। इससे यात्री परेशान हैं। मधुबनी के स्टेशन चौक पर आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है। मधुबनी के बेनीपट्टी बाजार के डॉ. अम्बेडकर चौक पर बाम दालों ने सड़क जाम कर दिया है। औरंगाबाद में भी बंद समर्थकाें का आंदोलन जारी है।
Input: Dainik Jagran





