बिहार पर्यटन का चेहरा बदलने वाला है। कोरोना काल में सुस्त हुई पर्यटन की रफ्तार को नई तेजी देने की तैयारी है। इसके साथ ही देश-विदेश के नए पर्यटकों को भी बिहार बुलाया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ब्रांड पार्टनर की सेवा लेगा।

पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव रवि परमार ने बताया कि बिहार के पास पर्यटन केंद्रों की कमी नहीं है। धार्मिक से लेकर पुरातात्विक तक एक से बढ़कर एक पर्यटन केंद्र हैं। बस, जरूरत बिहार के बाहर के लोगों को उनके बारे में बताने की है। इसका प्रचार-प्रसार करने की है। इसके लिए ही पर्यटन विभाग ब्रांडिंग पार्टनर को अपने साथ जोड़ रहा है। यह ब्रांडिंग पार्टनर विदेशों से भारत के दूसरे पर्यटन केंद्रों पर आने वाले पर्यटकों को भी राज्य तक लाने में मदद करेंगे। दक्षिण और पश्चिम के घरेलू पर्यटकों को भी बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन केंद्रों की जानकारी देंगे।

देश के साथ विदेशों में भी बिहार पर्यटन की ब्रांडिंग करेगी एजेंसी, मिलेगा नया ब्रांड एम्बेस्डर
तीन-चार एजेंसियां हैं रेस में
ब्रांड पार्टनर की रेस में तीन-चार एजेंसियां हैं, जिन्होंने अपना प्रेजेंटेशन विभाग के वरीय अधिकारियों को दिखाया है। फिलहाल तकनीकी टीम इनके प्रेजेंटेशन का अध्ययन कर रही है। वह एजेंसियों को उनके प्रदर्शन के हिसाब से अंक देगी। इसके बाद फाइनेनशियल बिडिंग के आधार पर अंतिम रूप से एजेंसी का चयन होगा। ब्रांडिंग पार्टनर एक से तीन साल तक के लिए चुना जा सकता है। प्रदर्शन के आधार पर उनकी सेवा अवधि बढ़ाई जा घटाई जा सकती है।

मशहूर चेहरा बनेगा ब्रांड एम्बेस्डर
इसके साथ ही पर्यटन विभाग नया ब्रांड एम्बेस्डर भी चुनेगा। इसमें भी ब्रांडिंग पार्टनर की मदद ली जाएगी। कोशिश है कि फिल्म या खेल की दुनिया से किसी ऐसे सितारे को ब्रांड एम्बेस्डर बनाया जाए जिसकी मास अपील हो। उसकी प्रसिद्धि भारत के सुदूर इलाकों के साथ विदेशों में भी हो। कोई जरूरी नहीं कि वह बिहार का ही होगा।
Source : Dainik Jagran





