बिहार में बढ़ते क्राइम पर आरजेडी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव जमकर बरसे. कहा, जब सत्ता पक्ष में शामिल बीजेपी नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो विपक्ष और आम आदमी कहां से सुरक्षित होंगे. उन्होंने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार में पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज मजाक बनकर रह गया है.

आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव जयप्रकाश नारायण यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपराधियों ने मुंगेर के जमालपुर में दिनदहाड़े बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी को गोली मार दी. इतना ही नहीं, पिछले दिनों वैशाली के हाजीपुर में अधिवक्ता शशि रंजन की बदमाशों ने हत्या कर दी थी. और तो और, आज भी हाजीपुर के निकट एक्सिस बैंक में दिनदहाड़े लुटेरों ने 40 लाख लूट की घटना को अंजाम दिया है.

उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब डर के साये में जिंदगी गुजार रही हैं. अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक तरफ क्राइम में लगातार इजाफा हो रहा है, तो दूसरी तरफ सरकार कह रही है कि सूबे में कानून का राज है. बिहार में कानून का राज मजाक बनकर रह गया है.

उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के रियल मुख्यमंत्री हैं. नीतीश कुमार ने सत्ता की चोरी की है. इस बार जनता ने कुर्सी तेजस्वी को ही सौंपी थी. हमारे उम्मीदवारों को कहीं साजिश से तो कहीं धोखाधड़ी से हराया गया है. उन्होंने 30 जनवरी को बनने वाली मानव श्रृंखला का सुल्तानगंज में रूट तय कर दिया है. घोरघट पुल से प्रारंभ होकर किशनपुर तक सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत व शाहकुंड में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी.
Source : Live Cities




