कोरोना की दूसरी लहर के बीच हाईकोर्ट की फटकार के बिहार बिहार सरकार ने 5 मई से लॉकडाउन लगा रखा है। इसकी मियाद 15 मई तक है यानि परसों तक। क्या सरकार लॉकडाउन खोलेगी, इसकी गुंजाइश कम ही नजर आ रही है। वजह ये कि कोरोना के केस घटने तो शुरू हुए हैं लेकिन रोज मिलने वाले पॉजिटिव की तादाद अभी भी दस हजार के आसपास है। वहीं मृतकों की तादाद को देखें तो रोज के आंकड़े 50 के पार ही रह रहे हैं।

बिहार में बढ़ेगा लॉकडाउन

इस सूरत-ए-हाल को देखते हुए ये तय माना जा रहा है कि सरकार लॉकडाउन को बढ़ाएगी। बिहार सरकार के अधिकारियों, मंत्रियों और खुद मुख्‍यमंत्री की तरफ से इसके संकेत मिल रहे हैं, हालांकि इस बारे में अभी कोई भी फैसला हुआ नहीं है। बिहार में कोरोना की बेकाबू रफ्तार को थामने में लॉकडाउन काफी हद तक मददगार साबित हुआ है। लॉकडाउन के बाद नए संक्रमितों की तादाद घटी है। संक्रमण दर घटने के साथ ही रिकवरी दर बढ़ी है।

विपक्ष भी विरोध के मूड में नहीं

बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली NDA सरकार के प्रमुख घटक दल बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल पहले ही लॉकडाउन लगाए जाने की मांग कर चुके थे। इसलिए सरकार को इस फैसले में भाजपा से पूरा सहयोग मिलने की उम्‍मीद है। कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियां भी इस फैसले का विरोध करने के मूड में नहीं दिखती हैं।

मुख्‍यमंत्री ने बुधवार को कहा कि लॉकडाउन से स्थिति सुधर रही है। इस विषम परिस्थिति से निकलने के लिए सभी के साथ और हौसले की जरूरत है। बिहार सरकार के मंत्री जिवेश कुमार लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की मांग खुले तौर पर कर चुके हैं।

सरकार ने सभी जिलों से मांगा अपडेट

बिहार सरकार ने लॉकडाउन के प्रभाव और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत को लेकर सभी जिलों से फीडबैक मांगा है। उम्‍मीद जताई जा रही है कि आज सभी जिलों से इस बारे में सरकार को सूचना मिल जाएगी। इसके बाद 14 या 15 मई तक लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने का फैसला लिया जा सकता है। लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ेगा या एक हफ्ते के लिए इस पर अभी चर्चा चल रही है। वैसे ज्‍यादा उम्‍मीद फिलहाल इसे एक हफ्ते के लिए ही बढ़ाए जाने की है।

Input: NBT Hindi

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD