कोरोना के टीका को विशेष वैन से टीकाकरण बूथों तक पहुंचाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने कोल्ड चेन मेनटेन करते हुए टीकाकरण बूथों तक पहुंचाने की तैयारी की है। इसके लिए विशेष वैक्सीनेशन वैन का इस्तेमाल किया जाएगा। जबकि जिलों तक टीका पहुंचाने के लिए रेफ्रिजेटर वैन का इस्तेमाल होगा। कोरोना टीका के कोल्ड चेन को व्यवस्थित करने के लिए 2 से 8 सेंटीग्रेड तापमान की जरूरत पूरी की जाएगी।

विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोरोना टीका का भंडारण (स्टोरेज) जिलों में स्थित जिला अस्पताल और रिजनल वैक्सीन स्टोर में किया जाएगा। राज्य के सभी 38 जिलों में टीका के भंडारण व कोल्ड चेन को बनाए रखने के लिए भंडारण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। पहले चरण के टीकाकरण को लेकर राज्य के 10 रिजनल वैक्सीन स्टोर में भी भंडारण की व्यवस्था की गई है।

राज्य स्तरीय वैक्सीन स्टोर से होगी जिलों को आपूर्ति

सूत्रों ने बताया कि नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के समीप स्थित राज्य स्तरीय वैक्सीन स्टोर से जिलों को कोरोना टीका की आपूर्ति की जाएगी। राज्य स्तरीय वैक्सीन स्टोर में करीब छह लाख वैक्सीन रखने की क्षमता है। जिलों तक ले जाने के लिए बड़े कंटेनर से युक्त रेफ्रिजेटर वैन में कोल्ड चेन मेनटेन करते हुए टीका को रखा जाएगा। कोरोना टीका की आवश्यकता के अनुसार विशेष वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

14 हजार टीकाकर्मी हुए प्रशिक्षित

पहले चरण के टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 हजार टीकाकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से सभी टीकाकर्मियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Source : Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD