बिहार के सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र से बुधवार रात मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। एक मनचले युवक ने 70 साल की विधवा के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी और जान से मारने का प्रयास किया। घटना को लेकर वृद्धा ने थाना में केस दर्ज कराया है।

Image result for crime against women

दर्ज केस में महिला ने बताया कि बलुआ बाजार वार्ड 5 निवासी पन्ना लाल मंडल का पुत्र संतोष कुमार मंडल बुधवार रात साढ़े 11 बजे उसके घर के गेट के पास बांस से बने टाट को तोड़कर अंदर घुस गया। जब टाट टूटने की आवाज से उसकी नींद खुली तो देखा घर का बल्ब बंद है।

जब उन्होंने बल्ब जलाने के लिए अपने मोबाइल का टॉर्च जलाना चाहा तो युवक ने उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फेंक दिया और कंबल से मुंह को ढंककर छेड़खानी करने लगा। उसने जब चिल्लाना शुरू किया तो युवक मुंह दबाकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। वृद्धा की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो युवक भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।

लोगों ने बताया कि युवक नशा करता है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है। पीड़ित वृद्धा ने बताया कि लगभग 25 साल पहले उनके पति और बेटे का निधन हो गया था। एक बेटी और दामाद बाहर रहकर नौकरी करते हैं। वह घर में अकेले ही रहती है। थानाध्यक्ष मनोज प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक को जेल भेजा जा रहा है।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD