बिहार सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों के कार्यालयों एवं कोषांगों को खोलने के आदेश दिये हैं। हालांकि लॉकडाउन की वजह से राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों के यूजी-पीजी विभागों में केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार अध्ययन-अध्यापन कार्य स्थगित रहेंगे। ऑनलाइन अध्ययन-अध्यापन के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने एकेडमिक कैलेंडर का अनुपालन करेंगे।

सोमवार को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सतीश चन्द्र झा ने इसको लेकर सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र भेजा है। विशेष सचिव ने अपने आदेश में कहा है कि सभी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों के कार्यालय एवं कोषांग कर्मचारियों के वेतनादि भुगतान, न्यायालय से संबंधित वाद, संबंधन से संबंधित तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए खुले रहेंगे। विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में वर्ग क, ख के सेवक नियमित तौर पर प्रतिदिन कार्यालय आयेंगे। वर्ग ग एवं संविदा कर्मी के 33 फीसदी कर्मचारी रोजाना दफ्तर आएंगे। विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों के प्रशाखाओं एवं कोषांगों में पदस्थापित कर्मियों, डाटा इंट्री ऑपरेटरों, संविदा कर्मियों, कार्यालय परिचारी के संबंध में सक्षम पदाधिकारी द्वारा रोस्टर का निर्धारण किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सतीश चन्द्र झा ने कुलपतियों से कहा है कि पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कोविद-19 के प्रबंधन के संबंध में राष्ट्रीय मार्गदर्शिका तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। सभी मास्क पहनकर कार्यालय आएंगे।
Input : Live Hindustan





