भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल JLNMCH के आइसोलेशन वार्ड से एक्सरे कराने के बहाने बाहर निकला कोरोना मरीज मंगलवार को फरार हो गया। फरारी की सूचना मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने बरारी पुलिस को मरीज के फरार होने की सूचना दी।

शाहकुंड प्रखंड के दासपुर गांव निवासी 28 वर्षीय युवक 27 मई को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसे 28 मई को जेएलएनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड के रूम नंबर 208 में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को गोराडीह के एक कोरोना मरीज के साथ उसे दोबारा जांच के लिए कमरे से बाहर निकाला गया। दोनों में से एक मरीज को एक्सरे जांच के लिए भेजा गया तो उस युवक को वार्ड स्थित एक्सरे रूम के बाहर ही रोक दिया गया। इसी दौरान वह मौका देखकर फरार हो गया।

ड्यूटी पर तैनात हेल्थ मैनेजर ने इसकी सूचना अस्पताल अधीक्षक को दी। अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने बताया कि मरीज का डॉ. राजकमल चौधरी की यूनिट में उसका इलाज चल रहा था। एक्सरे के लिए बाहर निकाला गया था और वह इसी दौरान मौका पाकर फरार हो गया। मरीज का पूरा ब्योरा और उसके फरार होने की सूचना बरारी पुलिस को दे दी गयी है। मरीज के मोबाइल नंबर पर फोन लगाया गया तो नंबर गलत बता रहा है।

पहले भी भागने का कर चुका है प्रयास
मरीज जिस कमरे में भर्ती था, उसकी पड़ताल की गयी तो पता चला कि कमरे की खिड़की के कांच टूटे हुए थे। पहले भी कोरोना मरीज ने शीशा तोड़कर भागने की कोशिश की थी। चूंकि शीशे के आगे लोहे की ग्रिल लगी थी, इसलिए उसकी फरारी की प्लानिंग फेल हो गयी होगी। कोरोना वार्ड के बाहर पुलिस के दो जवान और दो अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है। साथ ही कोरोना वार्ड से लेकर अस्पताल परिसर व मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। ऐसे में इस मरीज की फरारी यहां के सुरक्षा सिस्टम पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। मरीज को बाहर निकालते वक्त एक-दो कर्मचारी तक कोरोना मरीजों के साथ अस्पताल प्रशासन ने लगाना उचित नहीं समझा।







