राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने नीतीश कुमार की शपथ ग्रहण से ठीक पहले विवादित बयान दिया है। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने वाले वरिष्ठ नेता ने कहा है कि बीजेपी ने बिहार में जनादेश का रेप किया है और नीतीश उसी की पैदाइश हैं। उन्होंने नीतीश को भाजपा की गोद में पलने वाला बताया और कहा कि वह पहले भी धोखाधड़ी से ही सीएम बनते रहे।

जगदानंद सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ”नीतीश कुमार धोखाधड़ी से मुख्यमंत्री बन जाते थे, इस बार तो वह मुख्यमंत्री हैं ही नहीं। भाजपा की गोद में पलने वाले, पूरी बिहार की जनता और बिहार के मतदाताओं के साथ जो भाजपा ने बलात्कार किया है, डकैती जनादेश का किया है, उसी की पैदाइश हैं नीतीश कुमार।”

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की अगुआई में एनडीए गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है जबकि महागठबंधन 110 सीटें जीतकर सत्ता से दूर रह गई। आरजेडी ने कई सीटों पर काउंटिंग और बैलेट पेपर खारिज किए जाने को लेकर धांधली का आरोप लगाया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

आरजेडी और कांग्रेस पार्टी ने नीतीश के शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि उनके पास कोई निमंत्रण नहीं आया है आया भी तो वो शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सहयोगी राजद के बायकॉट करने पर कांग्रेस भी उस स्टेंड पर कायम है।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD