बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में शनिवार को बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल युवक को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राजेश झा के रूप में हुई है और उसके ऊपर भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस इसे गैंगवार की घटना से भी जोड़कर देख रही है।

जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन से अधिक संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को करीब पांच सौ मीटर तक दौड़ाया। इस दौरान युवक अपनी जान बचाने के लिए होटल में घुस गया लेकिन वहां भी बदमाश पहुंच गए और युवक को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने दर्जनों राउंड फायरिंग भी की।
Input: Live Hindustan








