जाप संरक्षक पप्पू यादव लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनवाने के पक्ष में उतर आए हैं. इसको लेकर पप्पू यादव ने थर्ड फ्रंट तक बनाने की बातें कह दी है. ईटीवी भारत संवाददाता नीरज त्रिपाठी से खास बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि वे बिहार की जनता को और प्रदेश को बचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं. तीन साल में बिहार को एशिया का नंबर वन प्रदेश बनाने का दम रखते हैं.
पप्पू यादव ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री बनाने वाला कौन होता हूं. जनता बनाएगी. जनता विकल्प चाहती है. मैं 436 गांव घूमकर आया हूं. जनता मुझसे कहती है कि आप बहुत अच्छे हैं, बिहार को बचा लीजिए. ऐसे में जनता जो भगवान स्वरूप है, जो बिहार बचाने की बात कह रही है इसलिए मेरी जिम्मेदारी बनती है.
नीतीश बाबू का शासन अलादीन का चिराग है क्या ?
जाप संरक्षक ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले चार हजार टेस्ट में जो आंकड़े सामने आते थे. वही आंकड़े एक लाख टेस्ट रिपोर्ट के बाद आ रहे हैं. क्या बिहार सरकार के पास अलादीन का चिराग है, जो धड़ाधड़ टेस्ट के बाद भी उतने ही आंकड़े आ रहे हैं.
आईना दिखाया है, तो रास्ते पर आएं चिराग
पप्पू यादव ने कहा कि मैं कांग्रेस और लोजपा दोनों से मिलता रहा हूं. अभी भी मिलता हूं. मैंने चिराग पासवान से कहा है कि अगर उन्होंने आईना दिखाया है, तो वे रास्ते पर भी आएं. मुझे सत्ता की भूख नहीं है. मुझे सिर्फ बिहार को बचाना है.पप्पू यादव ने कहा कि मैंने प्रशांत किशोर से लेकर कन्हैया कुमार तक से बात की है. इससे पहले मैं कांग्रेस से भी मिला था. मीरा कुमार को लेकर मैंने कहा था कि अपना लीजिए. मैं सिर्फ बिहार बचाना चाहता हूं. इसके लिए मैं तमाम दलों से मिल रहा हूं. बाकी जनता के हाथ पर फैसला है.
Input : ETV Bharat






