बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले से एक दूसरे के खिलाफ नेता हमला बोल रहे हैं. बिहार सरकार में मंत्री और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार लगातार तेजस्वी और लालू परिवार को निशाने पर ले रहे हैं. नीरज कुमार ने इसी क्रम में एक बार फिर से उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को खूब खरी-खोटी सुना दिया है. कलियुगी बेटा भी कह दिया है.

नीतीश सरकार में मंत्री और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने ट्वीट कर लिखा है कि “पितृधर्म से विमुख तेजस्वी यादव अब मातृऋण से विमुख हुए. आज जितिया व्रत का नहाय खाय है. माता संतानों की सुख-समृद्धि व दीर्घायु की कामना कर इस उष्णता में भी निर्जला व्रत रखेगी. शास्त्रों में कहा गया है मातृ देवो भवः पर कलियुगी पुत्र बिजली बंद कर माता को लालटेन की तपिश में तपाएँगे.” उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव को मां का आशीर्वाद लेना चाहिए लेकिन वो उन्हें लालटेन की तपिश में तपाएंगे.

वहीं लगातार बेरोजगारी के मुद्दे को उठा रहे तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि बिहार में पुलिस की बहाली के लिए भी एक मापदंड राज्य सरकार ने तय कर दिया है लेकिन आपके परिवार का संस्कार तो रहा है कि ‘जमीन दो और नौकरी लो’. उन्होंने कहा कि आंकड़े इस बात के गवाह है कि जब आपको काम करने का मौका मिला तो 15 वर्ष में कुल नियुक्तियां 19538 जो कि आयोग के माध्यम से हुए है. जबकि नीतीश कुमार जी ने अपने सरकार में आयोग के माध्यम से 153100 अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित की और 614891 प्रक्रियाधीन हैं.

दरअसल तेजस्वी यादव बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर सरकार को लगातार घेरने का काम कर रहे हैं. इसी क्रम में आज उन्होंने बिहारवासियों से अपील की है कि रात के 9 बजे 9 मिनट के लिए बिजली को बंद करके लालटेन, मोमबत्ती या दीया जलाकर बेरोजगारी के खिलाफ विरोध दर्ज कराएं.

Source : Live Cities

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD