फरवरी आज भले ही खत्म हो रहा है, मगर इस महीने में जिस तरह से तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है, उसने इस बात का इशारा कर दिया है कि मार्च महीने से ही गर्मी लोगों को झुलसाने लगेगी। भुवनेश्वर से लेकर बिहार और दिल्ली तक में तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिसकी वजह से गर्मी बढ़ती जा रही है। भुवनेश्वर में लगातार तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की जा रही है। शनिवार को लगातार चौथे दिन भुवनेश्वर भारत में सबसे गर्म शहर बना रहा, क्योंकि यहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर ने फरवरी महीने में इस तरह से पिछले पांच सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। वहीं बिहार में भी गर्मी ने अभी से ही लोगों को सताना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग की मानें तो ओडिशा में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी की धमक शुरू हो जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र भुवनेश्वर के क्षेत्रीय निदेशक एचआर विश्वास ने कहा कि अगले 2-3 दिनों में भुवनेश्वर और ओडिशा के कुछ अन्य स्थानों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। तापमान में वृद्धि का कारण मध्य और ऊपरी वातावरण में नमी की कमी और निचले वातावरण में कम आर्द्रता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सुबह 11 बजे के बाद लोगों को एहतियाती कदम उठाने की जरूरत है, क्योंकि इस दौरान सूर्य की धूप तेज रहेगी।

भुवनेश्वर में बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो देशभर में सबसे अधिक था। इसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को भी क्रमश: 39.4 और 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब देश में सबसे अधिक है। इससे पहले फरवरी में भुवनेश्वर का अधिकतम तापमान 1963 में दर्ज किया गया था, उस वग्त पारा 42.7 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया था।

वहीं बिहार की बात करें तो यहां भी गर्मी की तपीश दिख रही है। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। बिहार में गया सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भागलपुर का तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 30 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार में अधिकांश शहरों में गर्मी ने फरवरी के पिछले सभी रिकॉर्डों को तोड़ा है। पटना, गया समेत कई शहरों ने फरवरी में पिछले रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक अधिकतम तापामान दर्ज किया। इससे पहले  फरवरी 2017 में  पटना और गया में अधिकतम तापमान क्रमशः 34.2  डिग्री सेल्सियस और 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में भी फरवरी महीने में गर्मी ने सताना शुरू कर दिया है। दिल्ली में शनिवार को सुबह न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो मौसम के औसत तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD