कैमूर: बिहार के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों की रैलियां ताबड़तोड़ हो रही है. हर पार्टी अपनी पूरी ताकत रैलियों में झोंक रही है. बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिहार के कैमूर जिले में प्रचार करने पहुंचे.

बेकाबू हुई भीड़

योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मीडिया के लिए किए गए बैरीकेडिंग को भी लोगों ने तोड़ डाला. योगी आदित्यनाथ मंच से कोरोना बचाव को लेकर लोगों से अपील करते दिखे. लेकिन उनके चुनावी सभा में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हुआ और ना ही लोगों के चेहरे पर मास्क हीं दिखाई दिया.

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ा

अपने भाषण की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ ने कहा मैं भगवान राम की जन्मभूमि से आया हूं. उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध चोली दामन का है, कोई तोड़ नहीं सकता. बिहार के चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए मैं बिहार में आया हूं. नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार लगातार ऊंचाइयों पर बढ़ा है, 7 महीने से पूरा देश वैश्विक महामारी कोरोना से जूझ रहा है. उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी की देन है देश के 135 करोड़ की आबादी को बचाने का काम किया गया है. राशन की सुविधा हर गरीब को मुफ्त में मिलती है.

आरजेडी पर साधा निशाना

उन्होंने काह कि एक तरफ विकास की योजनाओं को लेकर कार्य करने वाली सरकार है दूसरी तरफ जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर लड़ाने वाली और नरसंहार करने वाली सरकारें हैं. वे लोग अपने परिवार की बात करते हैं हम लोग सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं. उनकी मानसिकता देश को विघटन की ओर ले जाने की मानसिकता है और बीजेपी की मानसिकता एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना सकार करने की है. जिसके कारण आतंकवाद, नक्सलवाद और अराजकता फैली थी क्या उसे मौका देना है, यह जनता को तय करना है . यही आह्वान करने के लिए आपके बीच आया हूं.

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

साथ ही योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ज्यादा नेतृत्व करने का मौका मिला. कांग्रेस के एजेंडे में गरीब किसान, नौजवान, महिलाएं, एजेंडे में नहीं थे. यहां केवल एक परिवार देश में शासन करे यही एजेंडा था. आरजेडी में भी चार के अलावा किसी के पोस्टर पर फोटो नहीं दिखाई देता है. जब यह लोग पोस्टर में जगह नहीं देते हैं तो क्या सत्ता में जगह देंगे. लोगों का पेट इतना बड़ा है कि गरीबों का राशन खाए तो खाए, यहां पर तो गाय भैंस का चारा भी खा गए थे.

श्रीराम से किया वादा किया पूरा

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम से किया हुआ वादा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के भव्य मंदिर को बनाएंगे, उसे भी मैंने पूरा किया. अब कोई नहीं कह सकता कि भाजपा ने वादाखिलाफी किया है. कोरोना काल में जब बिहार के लोग पैदल जा रहे थे तो दिल्ली में भले ही आम आदमी पार्टी की सरकार ने दुर्व्यवहार किया लेकिन उत्तर प्रदेश में उनके पैरों को गर्म पानी से धोने का काम किया है और उत्तर प्रदेश की गाड़ी से बिहार भेजने का काम किया है. क्योंकि वह हमारे मेहमान है . कोई भेदभाव नहीं हुआ हमने जनता का काम भी किया और राम का भी काम किया.

लोगों ने लगाए जय श्री राम के नारे

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरजेडी की सरकार ने बिहार के नौजवानों का पहचान संकट में डाल दिया था. बाहर जाने पर लोगों को अपनी पहचान छुपाना पड़ता था. हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए बिहार में पिछली सरकार ने बिहार की जनता को आतंकवाद की तरफ धकेल दिया. मैं नौजवानों से अपील करता हूं कि आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करिए और बताइए बीजेपी के शासन काल में किस तरह विकास हुआ है. सभी से अपील है कोरोना संकट काल में 2 गज की दूरी और मास्क जरूरी है जरूर करें पालन. योगी आदित्यनाथ ने भाषण के अंत में जय श्री राम का नारा लगाया.

Source : Zee News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD