बिहार में रूपेश सिंह हत्याकांड (Rupesh Murder Case) के पीछे के अपराधियों के खुलासा के बाद भी यह मुद्दा अब तक सुर्खियों में है. कारण पुलिस की जांच से न तो परिवारवाले ही खुश हैं और न ही राजनीतिक दल के लोग. ऐसे में रूपेश हत्याकांडी की सीबीआई जांच (CBI investigation) की मांग एक बार उठने लगी है. इसको लेकर बिहार में कई पूर्व मंत्री व नेता राज्यपाल से मुलाकात करने वाले हैं.
बिहार के पूर्व मंत्री अजित कुमार, सुरेश शर्मा, वीणा साही, पूर्व सांसद अरूण कुमार (Arun Kumar), पूर्व विधायक अवनीश सिंह, व बीजेपी के पूर्व MLA चोकर बाबा को राज्यपाल ने सुबह 11 बजे मुलाकात का समय दिया है.
रूपेश हत्याकांड मामल में पुलिस के उद्भेदन के बाद उनकी पत्नी नीतू सिंह ने कहा कि हमें अब तक न्याय नहीं मिला. पुलिस की थ्योरी पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं घटी थी. सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) फिर से मामले की जांच कराएं.
इस हत्याकांड के खुलासे के बाद रूपेश सिंह (Rupesh Murder case) के भाई ने बताया कि रूपेश ऐसा तो नहीं था कि उसकी किसी से ऐसी झड़प भी हुई हो. इस तरह से निर्दोष व्यक्ति की निर्मम हत्या करने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर के सभी को फांसी की सजा होनी चाहिए. साथ ही रूपेश के पत्नी को नौकरी और बच्चों को पढ़ाई की सहायता मिलनी चाहिए.
हालांकि, रूपेश हत्याकांड मामले में अभी भी कई सवाल उठते हैं.
1. पुलिस बोली रूपेश और हत्यारे की गाड़ी में टक्कर हुई. हत्यारा बोला टक्कर नहीं हुई.
2. पुलिस ने कहा- टक्कर वाली जगह पर CCTV नहीं था. जबकि वहां CCTV भी है और पास में पुलिस की चौकी भी.
3. रोडरेज की घटना में हत्या तत्काल की जाती है ये ट्रेंड रहा है. डेढ़ महीने बाद रेकी कर हत्या की बात समझ से परे.
4. हत्यारा कहता है कि रूपेश उसे मारने लगा जबकि वो माफी मांग रहा था. रूपेश काफी स्लिम थे. हत्यारा काफी हैवी और बोल्ड पर्सनालिटी का. अगर हाथापाई की नौबत आती तो रूपेश पर हत्यारा भारी पड़ता.
इस मामले पर RLSP के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद ने कहा कि हम सीबीआई जांच की मांग करते है.
रूपेश हत्याकांड पर कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि मामले की सीबीआई (CBI) जांच होनी चाहिए. कांग्रेस पहले से ही कह रही है कि रूपेश की पत्नी पुलिस थ्योरी को नकार देंगी. आखिर सरकार किसे बचाना चाह रही है.
इस मामले पर आरजेडी (RJD)प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि मामले की लीपापोती की जा रही है. जब तक रूपेश को न्याय नहीं मिल जाएगा तब तक नेता प्रतिपक्ष होने के नाते और बिहार के प्रमुख दल होने के नाते तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे को उठाते रहेंगे.
रूपेश हत्याकांड मामले पर बीजेपी (BJP) प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि पुलिस ने सही दिशा में जांच की है. यह वही पटना पुलिस है जिसने महाराष्ट्र के मुंबई में जाकर सुशांत सिंह मामले (Sushant Case) की निष्पक्ष जांच की. पुलिस के जांच पर सवाल उठाना उसके मनोबल को तोड़ने का काम करेगा.
वही, जेडीयू प्रवक्ता सुहेली मेहता ने कहा कि पत्नी को अगर किसी पर शक है तो वो सामने आकर अपनी बात रखें.
Source : Zee News








