बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में एलजेपी के अध्यक्ष चिराग पासवान के चचेरे भाई कृष्ण राज ने आज समस्तीपुर की रोसड़ा विधानसभा से नामांकन किया है. कृष्ण राज इस विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी के सामने चुनाव मैदान में हैं. चिराग पासवान ने भले ही कहा था कि एनडीए गठबंधन से दूर होने के बाद भी वे बीजेपी के साथ हैं, लेकिन उनके चचेरे भाई के बीजेपी प्रत्याशी के सामने चुनाव मैदान में आने से यहां का राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल गया है.
दरअसल, समस्तीपुर की रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र से एलजेपी ने बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ अपना उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतार दिया है. एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के चचरे भाई कृष्ण राज ने रोसड़ा विधानसभा से गुरुवार को नामांकन कर दिया है.
अभी तक अटकलें लगाई जा रहीं थी कि बिहार विधानसभा चुनाव में एलजेपी ने भले ही 143 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है, लेकिन बीजेपी के खिलाफ पार्टी अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी. लेकिन इसके उलट चिराग के चचेरे भाई और एलजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रिंस राज के बड़े भाई कृष्ण राज ने रोसड़ा के अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है
समस्तीपुर जिले में बीजेपी तीन सीटों पर जेडीयू गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है. बीजेपी के खाते में रोसड़ा की सीट है और यहां से वीरेंद्र कुमार पासवान ने बीजेपी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन किया है. बिहार के चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार और एलजेपी के प्रत्याशी अब चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं.
Input: Aaj Tak







