पटना. एक तरफ सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) मौत मामले में रोज नये मोड़ आते जा रहे हैं. वहीं, सुशांत के लिए इंसाफ की आवाज भी लगातार उठ रही हैं. इसी क्रम में पटना की सड़कों पर भी पोस्टर और बैनर लगे हैं, जिसमें न्याय की मांग की गई है. पटना के एग्जीबिशन रोड पर लगे एक बड़े पोस्टर में न्याय की मांग के साथ ही एक दिल को छू लेने वाली कविता लिखी गई है जो ये दर्शाती है कि बिहारवासी सुशांत से किस तरह खुद का जुड़ाव महसूस करते हैं.

13 पंक्तियों में लिखी इस कविता में सुशांत के जीवन का चित्रण किया गया है. पोस्टर में लिखी कविता में कहा गया है:
वो गुलशन है.
दिल में प्यार का शमां बांधे. वो दिलों का तरंग है.
वो गुलशन है.मन में प्यार का रंग गुलाल हुआ
हर दिल को रंगीन करने वाला वो गुलाल है
वो गुलशन है
यह उस गुलशन की गुलिस्तां की खुशबू है
यह हवा- मौज में जिसके संग है
वो गुलशन है
यह आसमां सिर उठाता है, यह जमीं इतराती है
गुलशन में है डूबी इस फिजा की उमंग है
वो गुलशन है
इसके बाद एक लाइन अंग्रेजी में लिखी गई है. You are not away, you are within us, your presence will always be celebrated Gulshan.
गौरतलब है कि सुशांत के घर का नाम गुलशन था और पटना के राजीव नगर के ज्यादातर लोग उन्हें इसी नाम से पुकारते थे. पोस्टर के सबसे नीचे ‘जस्टिस फॉर सुशांत सिंह राजपूत’ लिखा हुआ है. लेकिन, पोस्टर में सबसे खास बात ध्यान जहां जाता है वह सुशांत के मुस्कुराते चेहरे के नीचे जन्म का वर्ष के साथ ही मृत्यु का वर्ष जिसमें 1986-00 लिखा हुआ है.

बता दें कि पटना के रहने वाले सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके मुंबई स्थित फ्लैट में 14 जून को बरामद किया गया था. इसके बाद इस मामले की जांच मुंबई पुलिस ने शुरू की. जुलाई महीने में सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी. बाद में बिहार सरकार ने इस मामले की जांच के लिए सीबीआई से अनुशंसा कर दी थी. फि लहाल इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है.
Source : News18






