बिहार के हाजीपुर की पुलिस लाइन में महाशिवरात्रि देर रात तक जश्न चला। भोजपुरी गानों पर मंच पर बार-बालाएं थिरकीं तो पंडाल में पुलिसकर्मी जमकर झूमे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों की मौजूदगी भी रही। यह रंगारंग कार्यक्रम पुलिस लाइन के अति संवेदनशील शस्त्रागार के पास हुआ। हालांकि देर रात जब एसपी और एसडीपीओ को मामले की जानकारी हुई तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी ने कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
वैशाली : हाजीपुर पुलिस लाइन में महाशिवरात्रि के मौके पर बार बालाओं के डांस का कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान भोजपुरी गानों पर पुलिसकर्मी भी जमकर झूमे। कार्यक्रम की सूचना मिलते ही एसपी ने एसडीपीओ को जांच का आदेश दिया। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। #Bihar #ViralVideo pic.twitter.com/TBjbiZGTcF
— Hindustan (@Live_Hindustan) March 12, 2021
गौरतलब है कि जिले डीजे बजाने पर रोक लगी हुई थी। इस आदेश के बावजूद पुलिस लाइन में महाशिवरात्रि पर डीजे बजा। साथ ही साथ बार-बालाओं के ठुमके भी लगे। देर रात तक चले जश्न में पुलिसवाले खुल्लम-खुल्ला नियम-कानून की धज्जियां उड़ाते नज़र आए। वहां मौजूद रहे अधिकारियों ने भी कोई आपत्ति नहीं की। अब इस पूरे जश्न का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह मंच पर बार बालाएं डांस कर रही हैं और लोग उसका आनंद उठा रहे हैं।

सदर एसडीपीओ को सौंपी जांच
एसपी मनीष ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते सदर एसडीपीओ राघव दयाल को इसकी जांच सौंपी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Input: Live Hindustan








