पटना: बिहार में औद्योगिक निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल तेजी से मजबूत हो रहा है। उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल गुप्ता के नेतृत्व में राज्य में निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में लगभग ₹51,600 करोड़ के निवेश संबंधी एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसे राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

उद्योग जगत का मानना है कि बिहार सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग के कारण देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियां राज्य में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रशासनिक स्तर पर उद्योग विभाग के सचिव एवं BIADA के चेयरमैन कुंदन कुमार तथा उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल गुप्ता के समन्वित प्रयासों को इस बदलाव का प्रमुख कारण माना जा रहा है। उद्योग विभाग का कहना है कि निवेशकों को पारदर्शी प्रक्रिया, त्वरित अनुमति और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे औद्योगिक परियोजनाओं को गति मिल रही है।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का भी कहना है कि बिहार में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। शाकम्बरी ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य में सुरक्षित माहौल, सुगम व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है। उनके अनुसार, हालिया निवेश समझौतों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि बड़ी कंपनियां अब बिहार को निवेश के लिए एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में देख रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रस्तावित निवेश परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरती हैं, तो बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और “समृद्ध बिहार, सशक्त बिहार” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD