सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bacchan) को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है. COVID-19 पॉजिटिव अभिनेता इस वक़्त अस्पताल में भर्ती हैं. बिग बी (Big B) के अस्पताल में जाने की वजह से उनके फैन्स और चाहने वालों में बेचैनी है. पटना में अमिताभ (Amitabh Bacchan Corona) के समर्थकों ने उनकी अच्छी सेहत और जल्द से ठीक होने को लेकर पूजा अर्चना की. इस दौरान अमिताभ के फैन्स ने हवन कर भगवान से प्रार्थना की और कहा कि हम भगवान से ये दुआ करते हैं कि बिग बी जल्द से जल्द स्वस्थ हों और कोरोना के ऊपर जीत हासिल कर फिर से लोगों के बीच उसी अंदाज में पहुंचें जिसके लिए वे जाने जाते हैं. अमिताभ बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके घर के अन्य सदस्यों की भी जांच कराई गई है. वहीं, मुंबई महानगरपालिका ने अमिताभ के संक्रमित होने के बाद उनके घर को सैनेटाइज कराने का काम शुरू कर दिया है.
शनिवार की देर रात अस्पताल में कराया गया था भर्ती
मालूम हो कि कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अमिताभ और अभिषेक बच्चन को शनिवार रात ही मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बच्चन परिवार के दो सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद फिल्मी दुनिया से लेकर सियासत तक में हलचल तेज हो गई है. हर कोई सदी की महानायक के ठीक होने की कामना कर रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भी अमिताभ बच्चन के जल्द ठीक होने की कामना की है.
अनुपम खेर के घर भी संक्रमण
अमिताभ बच्चन के कोरोना संक्रमित होने की खबर के बाद अब बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर के घर से चौंकाने वाली खबर आई. उनकी मां दुलारी और भाई राजू समेत घर में कुल 4 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें राजू की बेटी यानी अनुपम खेर की भतीजी भी शामिल है. इस बात की जानकारी खुद अनुपम खेर ने साझा की है. उन्होंने बताया कि सभी को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है.
Input : News18






