उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बिहार की जनता से ‘आरोग्य सेतु एप’ डाउनलोड कर कोविड-19 से जुड़ी तमाम जानकारियां व बरती जाने वाली सावधानियां प्राप्त करने की अपील की है।उन्होंने कहा है कि बिहार इस एप को डाउनलोड करने में पूरे देश में 9वें स्थान पर है। पूरे देश में 2.28 करोड़ लोगों ने एप डाउनलोड किया है। वहीं, बिहार में 10.60 लाख स्मार्ट फोन उपभोक्ताओं ने इस एप को डाउनलोड किया है। भारत में सिंगापुर व साउथ कोरिया से प्राप्त अनुभवों के आधार पर यह एप लांच किया गया है। मोदी ने बताया कि देश की 11 भाषाओं वाले इस एप में उपभोक्ताओं के व्यक्तिगत डाटा को पूरी तरह से गोपनीय रखने के नियमों का पालन किया गया है। भारत सरकार बहुत जल्द फीचर फोन के लिए भी यह एप लांच करने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार आने वाले दिनों में पूरे देश में भ्रमण के लिए इस एप का इस्तेमाल ई-पास के तौर पर भी किया जा सकेगा। इस एप के जरिए कोई व्यक्ति जहां अपना स्व-आकलन कर संक्रमण की स्थिति जान सकता है। वहीं, कोविड-19 से संबंधित सारी जानकारियां व बचने के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को भी प्राप्त कर सकता है।



