बिहार में तीन मई तक तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। बारिश के बाद मौसम साफ होगा। मौसमी परिस्थितियां सक्रिय रहने से बारिश कभी भी हो सकती। यह पूर्वानुमान डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने जारी किया है।  तीन मई तक जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि इस अवधि में 30 से 32 डिग्री तक अधिकतम व 20-22 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान रह सकता है। औसतन 20-25 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 85 तथा दोपहर में 55 से 65 फीसद रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि पिछले तीन दिनों का ओैसत अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.5 व 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। औसत सापेक्ष आर्द्रता 88 फीसद सुबह व दोपहर में 62 फीसद, हवा की औसत गति 18.0 किमी प्रतिघंटा एवं दैनिक वाष्पण 1.2 मिमी तथा सूर्य प्रकाष अवधि औसतन 5.4 घंटे प्रतिदिन रिकाॅर्ड किया गया।

किसानों के लिए सुझाव 

तीन मई तक गरज वाले बादल बनने के साथ-साथ बारिश होने की संभावना को देखते हुए किसान सावधानी बरतें। कटे हुए गेहूं की दौनी कर सुरक्षित स्थान पर भंडारित कर लें। फिलहाल, खड़ी फसलों में सिंचाई स्थगित रखें। कीटनाशकों का छिड़काव आसमान साफ रहने पर ही करना बेहतर होगा। फल मक्खी लत्तर वाली सब्जियों जैसे नेनुआ, करैला, लौकी (कद्दू) और खीरा फसल को क्षति पहुंचाने वाला प्रमुख कीट है। इनसे बचने के छिड़काव करें। रबी फसल की कटाई के बाद खाली खेतों की गहरी जोताई कर खेत को खुला छोड़ दें, ताकि सूर्य की तेज धूप मिट्टी में छिपे कीड़ों के अंडे, प्यूपा एवं घास के बीजों को नष्ट कर दें।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD