मुजफ्फरपुर : मोबाइल कारोबारी अभिषेक अग्रवाल के पांडेय गली स्थित घर पर शनिवार दोपहर उप मुख्यमंत्री रेणु देवी पीड़ित परिवार से मिलीं। उन्होंने पीड़ित स्वजनों को ढांढस बंधाया और शीघ्र इंसाफ का भरोसा दिया। मृतकारोबारी की पत्नी को गले लगाकर सांत्वना दी। इस दौरान मृतक के भाई आदित्य अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी देते हुए न्याय की मांग की।

उप मुख्यमंत्री ने मोबाइल पर एसएसपी जयंत कांत से बात की। कहा कि मोबाइल कारोबारी की हत्या हुई। कितनी फजीहत हो रही है। केस में अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इस पर एसएसपी ने कहा कि गिरोह में शामिल अपराधियों की पहचान हो गई है। कई जगहों पर कार्रवाई चल रही है। शीघ्र ही अपराधियों को दबोच लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने बैंक लूट मामले में एसएसपी से पूछा। एसएसपी ने बैंक से लूटी गई राशि बरामद होने व लुटेरों की गिरफ्तारी की बात बताते हुए शीघ्र कारोबारी हत्या मामले में भी सफलता का दावा किया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल पोद्दार ने जिले में लगातार हो रहीं आपराधिक घटनाओं पर रोष जताया। उप मुख्यमंत्री ने एसएसपी की तारीफ करते हुए कहा कि मेहनती हैं। प्रशासन पर भरोसा करिए। शीघ्र ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। पीड़ित परिवार के घर पर डिप्टी सीएम के साथ पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, उद्यमी श्याम सुंदर भीमसेरिया आदि थे।
Source : Dainik Jagran




