नए वित्तीय वर्ष में मुजफ्फरपुर जिले में जमीन के एमवीआर (न्यूनतम वैल्यू रजिस्टर) कीमत में भारी वृद्धि होगी। एमवीआर में 30 से 40 फीसद बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिला अवर निबंधक राकेश कुमार ने बताया कि पिछले कई वर्षो से एमवीआर में वृद्धि नहीं हुई है, जबकि जिले में जमीन का बाजार मूल्य काफी बढ़ गया है। एक अप्रैल से एमवीआर में भी 40 फीसद तक वृद्धि की जाएगी। इसकी तैयारी चल रही है।

मालूम हो कि वर्ष 2016 के बाद से जिले में एमवीआर मे वृद्धि नहीं हुई है। इसमें वार्ड 23 व 24 में जमीन की कीमत सर्वाधिक है। यह क्षेत्र कल्याणी व मोतीझील है। यहां व्यावसायिक जमीन की कीमत 25 लाख रुपये प्रति डिसमिल यानी एक करोड़ रुपये प्रति कट्ठा है। वहीं जूरन छपरा क्षेत्र (वार्ड चार) की व्यावसायिक जमीन का एमवीआर 20 लाख रुपये प्रति डिसमिल यानी 80 लाख रुपये कट्टा है। एक अप्रैल से नया एमवीआर लागू होने के बाद कल्याणी के आसपास की जमीन की कीमत 1.30 करोड़ से लेकर 1.40 करोड़ तक हो जाएगी। वहीं पेरिफेरल (शहरी क्षेत्र के आसपास) क्षेत्र में व्यावसायिक जमीन की कीमत छह से 18 लाख रुपये प्रति कट्ठा है। इसकी कीमत भी करीब आठ से 25 लाख रुपये कट्ठा हो जाएगी। वहीं यहां की आवासीय जमीन जिसकी कीमत दो से 14 लाख रुपये प्रति कट्ठा है, वह बढ़कर तीन लाख से 18 लाख रुपये प्रति कट्ठा तक हो जाएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी आवासीय, एक फसला व दो फसला जमीन की कीमत भी लगभग डेढ़ गुनी महंगी हो जाएगी।

  • मुजफ्फरपुर में जमीन के एमवीआर में 30 से 40 फीसद तक हो जाएगी वृद्धि
  • चार वर्षो से एमवीआर में बढ़ोतरी नहीं, बाजार मूल्य कई गुना बढ़ा

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD