पटना. बिहार में ठंड पूरे चरम पर है और शीतलहर (Cold Wave) का प्रकोप शुरू हो चुका है. लगातार घटते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद बिहार में भी मौसम विभाग ने एक साथ 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है. कल रात से राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है और गया में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि पटना में इस साल का अबतक का सबसे न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

पटना में अलाव की व्यवस्था

ठंड की वजह से जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी करते हुए नगर निगम और सभी अंचलाधिकारियों को गरीबों के लिए समुचित रैन बसेरा और अलाव का इंतजाम करने का निर्देश दिया है. पटना में कल रात से 48 जगहों पर अलाव जलने लगा है जबकि आज कई और नए जगहों पर अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी, हालाकि राहत की बात ये है कि जहां ठंड और बर्फीली हवा से लोगों का जीना मुहाल हो गया है वहीं कोहरे से पिछले 2 दिनों से राहत मिल रही है.

rama-hardware-muzaffarpur

सड़कों पर सन्नाटा

मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर की मानें तो अगले दो दिनों तक राज्य में ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना है. बढ़ते ठंड ने गरीबों की जहां मुश्किलें बढ़ा दी है वहीं बुजुर्गों और बीमारों की बीमारी भी बढ़ने लगी है और अस्पतालों के ओपीडी में 15 प्रतिशत मरीजों में इजाफा देखी जा रही है. अभी ज्यादातर लोग शाम होते ही जहां घरों में दुबके नजर आते हैं तो सुबह 10 बजे से से पहले सड़कों पर ट्रैफिक पर दवाब भी काफी कम रह रहा है, खासकर गरीबों के लिए अलाव ही सहारा बन रहा है.

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है

पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, प. चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 दिसम्बर की सुबह तक ठंड का कहर जारी रहेगा और आगे तापमान में अगर और भी गिरावट होती है तो रेड अलर्ट जारी हो सकता है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD