पटना. बिहार में एक बार फिर वज्रपात (Thunderclap) की घटनाओं ने कहर बरपाया है. गुरुवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग जिलों में 25 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. इनमें पटना में 9, समस्तीपुर में 8, पूर्वी चंपारण में 4, शिवहर और कटिहार में 2-2 लोगों की मौत हुई है. हालांकि आधिकारिक आंकड़ों में अभी 14 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. आपदा प्रबंधन विभाग (Disaster Management Department) के अनुसार पटना जिला में 5 जबकि मोतिहारी में 4, शिवहर में 2 और समस्तीपुर में 2 लोगों की मौत हुई है.

पटना जिले में 9 लोगों की मौत
न्यूज 18 को मिली जानकारी के अनुसार पटना के दुल्हिन बाजार में 5 लोगों पर ठनका गिर गया जिससे उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घटना सरकुना, सोरामपुर, जीआईडी गांव में घटी है. वहीं यहां बड़की खरवां और सोरामपुर के दो लोग जख्मी है. जख्मी लोगों का का इलाज दुल्हिन बाजार रेफरल हॉस्पिटल में चल रहा है. वहीं बिहटा में तीन व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दानापुर में भी एक बच्चे की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गई.

समस्तीपुर में आठ लोगों की मौत
समस्तीपुर में आठ लोगों की मौत हो गई है. यहां रोसरा के बटहा में तीन, पूसा के मोरसंड में एक, समस्तीपुर के राजखण्ड में एक, मुसरीघरारी के लाटबेसपूरा में एक, विभूतिपुर के खासटभका वार्ड 08 में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि दलसिंहसराय के पांड में एक घायल हो गया.

पूर्वी चंपारण-शिवहर में 6 की मौत
वहीं पूर्वी चम्पारण में बिजली के चपेट में आने चार लोगों की मौत हो गई. बंजरिया के अजगरवा और आदापुर के कटगेनवा में अलग अलग घटनाओं में दो की मौत हो गई. पताही के परसौनी कपूर में महिला की मौत हो गई. जबकि बनकटवा के कोदरकट में भी एक की मौत हो गई. शिवहर में वज्रपात में 2 लोगों की मौत हो गई. यहां के तरियानी के छपरा और माधोपुर छाता गांव में धान रोपने के दौरान ये हादसा हुआ.

कटिहार जिले में दो लोगों की मौत
जबकि कटिहार में बिजली गिरने से दो महिला की मौत हो गई जबकि एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के विनोद पुर गांव में हुआ है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि खराब मौसम के बीच सजेनुर खातून, रजिया खातून और मोहम्मद मोतिन खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान बिजली गिरने से यह लोग खेत में ही बने मोटर रूम के पास आ गए थे, लेकिन वहां भी आसमानी बिजली गिरने से दोनों की मौत घटनास्थल पर हो गई. जबकि मोहम्मद मतीन को नाजुक हालत में सदर अस्पताल भेजा गया है.
Input : News18






