पटना : कोरोना महामारी के चलते बिहार में फिलहाल स्कूल-कॉलेज नहीं खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने शिक्षण संस्थानों को खोलने पर सभी जिलों से विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय शिक्षा समितियों से सुझाव मांगे थे, जो मिल गए हैं। उनमें से ज्यादातर सुझाव शिक्षण संस्थान को खोलने के पक्ष में नहीं हैं। अधिकांश अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों को नहीं खोलने का सुझाव दिया है। जबकि शिक्षकों और विद्यालय शिक्षा समितियों के सुझावों में स्कूलों को खोलने को लेकर मतभेद सामने आए हैं। शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने बताया कि अधिकांश सुझाव शिक्षण विद्यालयों को खोलने के खिलाफ हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने फिलहाल शिक्षण संस्थानों को नहीं खोलने का निर्णय लिया है। मंत्री ने कहा कि जुलाई के आखिरी हफ्ते में पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही स्कूल खोलने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा विभाग को सभी जिलों से मिले सुझाव, ज्यादातर ने अभी शिक्षण संस्थान नहीं खोलने की बात कही







