पटना. एक तरफ कोरोना संक्रमण का खतरा है तो दूसरी तरफ आने वाले होली के त्योहार की मस्ती का इंतजार. फिलहाल बिहार ( Bihar) में कोरोना की हिदायत के बावजूद भी होली का रंग और सुरूर सिर चढक़र बोलने लगा है. होली आते ही बिहार के फगुआ गीतों (Holi songs) पर लोग झूम रहे हैं. बिहार में जोगीरा सारा-रा-रा जैसे गीतों की गूंज के बीच हुरियारे हुड़दंग को मचलने लगे हैं.

होली के पहले ही बिहार के प्रमुख लोगों के साथ नेताओं के यहां फगुआ गीत गूंजने लगे हैं. फगुआ का यह रंग आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी के घर पर भी पूरे साज-बाज के साथ जमा. यहां रंग-गुलाल का भी खूब इंतजाम रहा. बाबा हरिहर नाथ सोनपुर में खेलें होली और जोगीरा सारारा..के गीत पर लोग ऐसे झूमने लगे मानो उन्हें कोरोना के खतरे का खौफ ही नहीं. हालांकि इस रंग में कोरोना का कोई भंग ना पड़े इसलिए सब ने सोशल डिस्टनसिंग का भी भरपूर खयाल रखा है.

होली पर फिर से कोरोना का खतरा

देश के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सूबे की सरकार फिर से अलर्ट मोड में आ गई है. मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई क्राइसिस मैनजमेंट ग्रुप की बैठक में कोरोना के मामले बढऩे की आशंका को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर होली मिलन समारोह करने पर पूरी तरह से रोक लगाने का फैसला किया गया. घरों में होली मिलन पर रोक नहीं रहेगी, लेकिन सरकार ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है.

बाहर से आने वालों को दिखानी होगी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट

होली के मौके पर महाराष्ट्र, पंजाब और केरल जैसे राज्यों में बड़ी संख्या में रहने वाले बिहार के लोग अपने घर लौटेंगे. बैठक में कई अहम फैसले लिए गए. सरकार ने यह निर्णय भी लिया है कि केरल, पंजाब और महाराष्ट्र से आने वाले लोगों को अपनी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी. यह व्यवस्था एयरपोर्ट के साथ ही रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी लागू रहेगी.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD