देवरिया के रहने वाले कोरोना मरीज की मौत होने के बाद शव छोड़कर परिजन भाग गए। 18 घंटे से अधिक समय तक शव कोरोना वार्ड में ही बेड पर पड़ा रहा। इसके बाद बुधवार को दोपहर के बाद स्टाफ नर्स ने इसकी सूचना एसकेएमसीएच अधीक्षक को दी।

नर्स स्टाफ रेणु कुमारी ने लिखित आग्रह में अधीक्षक को लिखा है कि देवरिया निवासी की इलाज के दौरान मंगलवार को शाम 5:10 बजे मौत हो गई। शव को छोड़कर परिजन भाग गए। इसके बाद बुधवार दिन के 11 बजे तक वह नहीं पहुंचे। इसलिए शव का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कराया जाए। नर्स के लिखित आवेदन पर एसकेएमसीएच प्रबंधन की ओर से दोपहर बाद दाह-संस्कार कराया गया। जानकारी के अनुसार कोविड मरीज का इलाज तीन दिनों से एसकेएमसीएच में चल रहा था। स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई।
Input: Live Hindustan






