बिहार के नवादा जिले में शराब को लेकर चल रही जांच जानलेवा साबित होगा, शायद किसी ने सोचा न था। घटना रजौली के दिबौर घाटी की बतायी जा रही है, जहां जांच के दौरान जाम में घंटों फंसी एक बस के भीतर दम घुटने से दो माह के मासूम की कथित मौत हो गयी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कम्प मचा है।

घटना जाम में फंसी जीवन ज्योति बस संख्या जेएच 09 एक्स 3587 में मंगलवार की सुबह की बताई जा रही है। झारखंड के रांची से बिहार के पटना जिले के बख्तियारपुर लौट रहे मां-दादी की गोद में ही मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रजौली थाना क्षेत्र के दिबौर घाटी में जाम में बस घंटों फंसी रही और इसी दौरान बच्चे की मौत हुई। मौत दम घुटने से हुई या फिर किसी और कारण से यह स्पष्ट नहीं है, परंतु वीडियो में मौत की वजह जाम के कारण दम घुटना बताया जा रहा है।

वीडियो बस में सवार किसी यात्री द्वारा शूट किया गया है। कहा जा रहा है कि रजौली चेक पोस्ट पर जांच होने की वजह से बस 5 घंटे से दिबौर घाटी में जाम में फंसी थी। खाना-पानी नहीं मिलने के कारण बच्चे का दम घुट गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। वीडियो में नवादा के डीएम से आग्रह किया गया है कि इस पर तुरंत संज्ञान लेकर जाम हटवाएं और यात्री बसों को आसानी से निकलने दें नहीं तो और भी जानें जा सकती हैं।

मृत बच्चे की दादी का है बयान

वीडियो में मृत बच्चे की दादी सरिता देवी बता रही हैं कि वह बच्चे व उसकी मां के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उसकी तबियत बिगड़ गयी। नवादा पहुंचने पर बच्चे को एक निजी क्लीनिक में दिखाया गया, जहां डॉक्टर ने बच्चे को देखते ही कहा कि 2 घंटे पहले ही उसकी मौत हो चुकी है। यात्रियों के मुताबिक बच्चे का शव लेकर परिजन गिरियक में ही उतर गए।

यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह की घटना हुई है तो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इसकी जांच करवाता हूं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– यशपाल मीणा, डीएम, नवादा

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD